सारंगढ़-बिलाईगढ़ | 7 अप्रैल 2026
कूटरचित दस्तावेजों के जरिए बैंक खातों से 31 लाख रुपए निकालने के बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए सरसींवा पुलिस ने तीन फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को पकड़ने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
मामले में मुख्य आरोपी शिवा साहू (निवासी रायकोना), पारसनाथ साहू (निवासी चकरदा) और सूर्यकांत साहू उर्फ सोनू (निवासी मोहतरा) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
बैंक कर्मियों से साठगांठ कर किया गया फर्जीवाड़ा
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कूटरचित दस्तावेजों का उपयोग कर बैंक कर्मचारियों से मिलीभगत करते हुए पहले से होल्ड किए गए खातों को फर्जी तरीके से अनहोल्ड कराया। इसके बाद खातों से बड़ी रकम निकाल ली गई।
शिकायत के अनुसार, ऋतु साहू के खाते से करीब 21 लाख रुपए और शिवा साहू से जुड़े खाते से करीब 10 लाख 34 हजार रुपए निकाल लिए गए। इस मामले में थाना सरसींवा में अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
लंबे समय से फरार थे आरोपी, आखिरकार गिरफ्तारी
पुलिस टीम द्वारा लगातार पतासाजी के बाद तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के कब्जे से घटना में उपयोग किए गए वाहन और उपकरण भी जब्त किए गए।
40 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से इनोवा कार, सेलेरियो कार, जावा मोटरसाइकिल, एक्टिवा स्कूटी, लैपटॉप, प्रिंटर, मोबाइल फोन और फर्जी दस्तावेज जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 40 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेये के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय व एसडीओपी विजय कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी वीणा यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने इस मामले को सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
संगठित अपराध पर कड़ी नजर
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के आर्थिक अपराधों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय ठग गिरोहों में हड़कंप मच गया है।
