विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के तहत नागपुर मंडल में स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त रेलवे परिसर पर जोर

Advertisement

रेलवे स्टेशनों पर चलाया गया विशेष अभियान, यात्रियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए किया जागरूक

बिलासपुर/नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026 के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। 15 मई से 5 जून तक संचालित इस अभियान का उद्देश्य रेलवे परिसरों को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाना है।

प्रमुख स्टेशनों पर चलाया गया विशेष स्वच्छता अभियान

मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर “रेलवे स्टेशन एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता” और “प्लास्टिक में कमी तथा सतत व्यवहार” विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अभियान के दौरान स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, फुटओवर ब्रिज, पार्किंग क्षेत्र और आसपास के स्थानों पर व्यापक साफ-सफाई सुनिश्चित की गई।

यात्रियों और कर्मचारियों को किया गया जागरूक

नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी, गोंदिया, राजनांदगांव, छिंदवाड़ा, डोंगरगढ़, नैनपुर, सिवनी और भंडारा सहित विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों और आमजन को स्वच्छता, कचरा पृथक्करण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

वाणिज्य, चिकित्सा और यांत्रिक विभागों के कर्मचारियों के साथ विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं ने भी इस अभियान में सहयोग दिया।

सिंगल यूज प्लास्टिक कम करने पर विशेष फोकस

रेलवे स्टेशन परिसर, कैटरिंग यूनिट और खानपान स्टॉलों में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया।

यात्रियों, कर्मचारियों और वेंडर्स को पेपर कप, लकड़ी के चम्मच, अरेका प्लेट और पुनः उपयोग योग्य सामग्रियों के इस्तेमाल के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही यात्रियों को अपनी पानी की बोतल साथ रखने और प्लास्टिक उपयोग सीमित करने की अपील भी की गई।

“स्वच्छ रेलवे–हरित रेलवे” की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह ने कहा कि यह अभियान “स्वच्छ रेलवे–हरित रेलवे” की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने यात्रियों और आम नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

Share This Article