सीएचसी बिसरा में 46 लाख की धोखाधड़ी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

By
Advertisement
Advertisement

राउरकेला/सुंदरगढ़। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिसरा में लाखों रुपये की वित्तीय अनियमितता का बड़ा मामला सामने आया है। अधीक्षक डॉ. प्रकाश कुमार साहू की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिबा प्रसाद मल्लिक को 4 जुलाई 2022 को प्रतिनियुक्ति पर सीएचसी बिसरा में ब्लॉक अकाउंट मैनेजर (बीएएम) के पद पर नियुक्त किया गया था। 25 नवंबर 2022 से 4 अक्टूबर 2025 तक की तैनाती अवधि के दौरान उसने सरकारी खाते से फर्जी लेनदेन कर बड़ी रकम का गबन किया।

आरोप है कि मल्लिक ने दलजीत कौर मान के एसबीआई खाते में 29 लाख 6 हजार 499 रुपये और अपने एचडीएफसी बैंक खाते में 17 लाख 1 हजार 842 रुपये ट्रांसफर किए। इस तरह कुल 46 लाख 8 हजार 341 रुपये की धोखाधड़ी की गई। साथ ही आरोपी ने आधिकारिक कंप्यूटर डेटा में भी हेरफेर किया।

मामले में बिसरा थाना में 13 मार्च 2026 को अपराध क्रमांक 79 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी सिबा प्रसाद मल्लिक (37), निवासी छेंड, राउरकेला, जिला सुंदरगढ़ को गिरफ्तार कर लिया है।

भारी मात्रा में सामान जब्त

पुलिस ने आरोपी के पास से कई कीमती सामान और दस्तावेज भी बरामद किए हैं, जिनमें—

  • आईक्यू00, ओप्पो रेनो 6 और वनप्लस 10 प्रो मोबाइल
  • एसबीआई, एचडीएफसी और आईडीएफसी बैंक की पासबुक व चेकबुक
  • पैन कार्ड, डेबिट/क्रेडिट कार्ड
  • 88,770 रुपये नकद
  • नेपाल व भूटान की मुद्रा
  • 33.426 ग्राम सोने और 1.35 किलो चांदी के आभूषण
  • कलाई घड़ी
  • टीवीएस जुपिटर स्कूटर, बजाज पल्सर बाइक और मारुति वैगन-आर कार
Advertisement
Share This Article