जिला प्रशासन के स्पष्ट आदेशों के बावजूद गुरुवार को खुले बाजार, नियमों की खुलेआम अनदेखी से बढ़ा असंतोष
माधौगढ़, जालौन। प्रशासनिक आदेशों की सख्ती के दावों के बीच माधौगढ़ कस्बा में साप्ताहिक बंदी पूरी तरह बेअसर नजर आ रही है। जिला अधिकारी राजेश कुमार पांडे द्वारा प्रत्येक गुरुवार को बाजार और दुकानों की साप्ताहिक बंदी के स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद कस्बा में कई दुकानदार खुलेआम दुकानें संचालित कर रहे हैं। इससे नियमों का पालन करने वाले व्यापारियों और स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

कुछ दुकानदारों की मनमानी से प्रशासनिक व्यवस्था पर उठने लगे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि साप्ताहिक बंदी का नियम पूरे कस्बा के लिए समान रूप से लागू किया गया है, लेकिन कुछ दबंग दुकानदार प्रशासनिक आदेशों को नजरअंदाज कर अपनी दुकानें खोल रहे हैं। इससे न केवल शासन के निर्देशों की अवहेलना हो रही है, बल्कि नियमों का पालन करने वाले दुकानदारों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि जब कुछ दुकानदार खुलेआम दुकानें खोलते हैं, तो बंदी का पालन करने वाले दुकानदारों पर भी बाजार खोलने का दबाव बनने लगता है। इससे बाजार व्यवस्था प्रभावित हो रही है और प्रशासन की साख पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
कोतवाली पुलिस की कार्रवाई के बाद भी नहीं थम रही अवहेलना
जानकारी के अनुसार, इस मामले को लेकर कोतवाली पुलिस ने पूर्व में खुली दुकानों पर छापेमारी भी की थी। पुलिस द्वारा कई दुकानदारों को चेतावनी देते हुए जिला अधिकारी के आदेशों का पालन करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कुछ दुकानदार अपनी मनमानी पर अड़े हुए हैं और गुरुवार को भी दुकानें खोल रहे हैं।
नियमों का पालन करने वाले व्यापारियों में नाराजगी, प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
साप्ताहिक बंदी का पालन करने वाले दुकानदारों का कहना है कि यदि नियम बनाए गए हैं तो उनका पालन सभी के लिए समान रूप से होना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि आदेशों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि बाजार में समान व्यवस्था कायम रह सके और प्रशासनिक आदेशों की गरिमा बनी रहे।

