विकसित भारत-जी राम जी और पीएम आवास योजना की संभागस्तरीय समीक्षा, लक्ष्य समय पर पूरा करने के निर्देश

Advertisement
Advertisement

सरगुजा। सरगुजा संभागायुक्त श्री नरेन्द्र कुमार दुग्गा ने शुक्रवार को संभागायुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में विकसित भारत-जी राम जी तथा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण से संबंधित कार्यों की संभागस्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में योजनाओं की प्रगति, निर्धारित लक्ष्य, लंबित प्रकरणों, मानव दिवस सृजन और आगामी कार्ययोजना की विस्तार से समीक्षा की गई।

लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत कार्य पूरा करने के निर्देश

संभागायुक्त श्री दुग्गा ने सभी जिला एवं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति, परिवार और गांव तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करें। कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने जिला पंचायत सीईओ को नियमित रूप से जनपद पंचायतों और मैदानी अमले के कार्यों की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।

रोजगार सृजन और जल संरक्षण कार्यों पर जोर

बैठक में विकसित भारत-जी राम जी के तहत जुलाई और अगस्त माह में सृजित मानव दिवस तथा पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में रोजगार सृजन की स्थिति की समीक्षा की गई। संभागायुक्त ने मानव दिवस सृजन में अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी विद्यालयों में शौचालय, मुक्तिधाम में प्रतीक्षालय एवं शेड निर्माण तथा जल संरक्षण और जल संचयन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए। वर्षा जल संरक्षण, भूजल स्तर बढ़ाने और पानी की बर्बादी रोकने से संबंधित कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया गया।

अपूर्ण आवास जल्द पूरे करने के निर्देश

छत्तीसगढ़ शासन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अपर सचिव एवं विकसित भारत-जी राम जी के अपर आयुक्त श्री एस. आलोक ने योजनाओं की जिलावार स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने विकसित भारत-जी राम जी के तहत अपूर्ण आवासों को जल्द पूरा करने तथा युक्तधारा में प्लान किए गए कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।

बैठक में महात्मा गांधी नरेगा के अपूर्ण कार्यों, बोरवेल रिचार्ज, एसएनए-स्पर्श के माध्यम से भुगतान, पौधरोपण, एनएमएमएस में श्रमिकों की उपस्थिति, लंबित ई-केवाईसी और मस्टर रोल सहित विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा की गई।

पीएम आवास योजना-ग्रामीण की भी समीक्षा

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, विशेष परियोजना और पीएम जनमन योजना के तहत स्वीकृत एवं पूर्ण आवासों की प्रगति की भी समीक्षा हुई। संभागायुक्त ने शेष आवासों की स्वीकृति 7 दिनों के भीतर करने तथा अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

स्वीकृत आवासों की पहली किस्त के लंबित प्रकरणों और भुगतान की स्थिति की जानकारी लेते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने को कहा गया। इसके साथ ही आवास सॉफ्ट में अपात्र हितग्राहियों, जॉब कार्ड और विभिन्न योजनाओं के अभिसरण की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

पात्र हितग्राहियों को समय पर मिले प्रशिक्षण और लाभ

संभागायुक्त ने आर-सेटी एवं आरएमटी के तहत प्रशिक्षण की स्थिति की जानकारी लेते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर प्रशिक्षण और योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन मैदानी स्तर पर नियमित निगरानी के साथ सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में उपायुक्त श्री आरके खूंटे, सरगुजा जिला पंचायत सीईओ सुश्री रोमा श्रीवास्तव, जशपुर सीईओ श्री अभिषेक कुमार, बलरामपुर सीईओ श्री आशुतोष चतुर्वेदी, एमसीबी सीईओ श्रीमती अंकिता सोम, कोरिया सीईओ श्री योगेंद्र श्रीवास सहित सभी जनपद पंचायतों के सीईओ उपस्थित रहे। अधिकारियों से विकसित भारत-जी राम जी और आवास योजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए टीम भावना के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।

Advertisement
Share This Article