आज दिनांक 14 अगस्त को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मंधाईभाठा, विकासखंड बिलाईगढ़ में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के तहत शुक्रवार को तिरंगा सद्भावना यात्रा (तिरंगा रैली) का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय में राष्ट्रीय पर्व की तैयारियों का उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने जिला शिक्षा अधिकारी श्री जे.आर. डहरिया विद्यालय पहुंचे। उन्होंने तिरंगा यात्रा के अनुशासित संचालन की सराहना करते हुए विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करते हैं।
विद्यालय के प्राचार्य श्री उत्तरा कुमार सिदार के नेतृत्व में समस्त शिक्षक एवं कर्मचारियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों में सक्रिय सहभागिता निभाई। विद्यालय परिवार द्वारा राष्ट्रीय पर्व को गरिमामय ढंग से मनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।




