धमतरी में शादी समारोह में हिंसा: चाकू से हमला, 1 की मौत, 4 घायल

By
Advertisement
Advertisement

धमतरी, 22 फरवरी 2026: जिले के मगरलोड क्षेत्र के ग्राम भोथीडीह में शादी के चौथीया कार्यक्रम के दौरान दुल्हन पक्ष और बैंड बाजा टीम के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान दुल्हन के भाई चंदन निषाद (23 वर्ष) पर चाकू से हमला किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गरियाबंद के मालगांव से आए दुल्हन पक्ष और बैंड कर्मियों के बीच नाच-गाने के दौरान कहासुनी शुरू हुई, जो ताबड़तोड़ मारपीट में बदल गई। इस हिंसक घटना में चार अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें तरुण ध्रुव की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मगरलोड थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए मगरलोड स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपी तलाश में दबिश दी जा रही है।

Advertisement
Share This Article