‘खेलो इंडिया संवाद’ में बोले डिप्टी CM अरुण साव: नशामुक्त युवा ही बनाएगा विकसित भारत

Advertisement
Advertisement

अभिषेक कुमार पाण्डेय | रिपोर्टर, बिलासपुर, छत्तीसगढ़

बिलासपुर, 27 अगस्त 2026। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव रायपुर स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) में आयोजित देशव्यापी ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम में शामिल हुए। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती और राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने वर्चुअली संबोधित किया।

8 लाख से अधिक युवाओं ने लिया हिस्सा

कार्यक्रम से देशभर के करीब 1600 स्थानों से 8 लाख से अधिक युवा जुड़े। विभिन्न शहरों में आयोजित कार्यक्रमों में एथलीट्स और खेल जगत की हस्तियों ने भी सहभागिता की। रायपुर के NIT में आयोजित कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर तिलक वर्मा और यूथ आइकन डॉ. प्रियंका बिस्सा भी मौजूद रहीं।

खेल केवल मेडल जीतने तक सीमित नहीं: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल मेडल जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विकसित भारत के निर्माण में देश की खेलशक्ति और युवाशक्ति को जोड़ने का अभियान है।

उन्होंने कहा कि खेल में सफलता का अर्थ केवल मैदान पर जीत हासिल करना नहीं, बल्कि व्यक्तित्व का विकास, परिवार की प्रगति और देश का गौरव बढ़ाना भी है।

आधुनिक स्पोर्ट्स इकोसिस्टम बनाने पर जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में 21वीं सदी का आधुनिक स्पोर्ट्स इकोसिस्टम तैयार करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटीज, आधुनिक ट्रेनिंग सेंटर और प्रतिभा पहचानने से लेकर खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने की दिशा में व्यवस्था विकसित की जा रही है।

उन्होंने कहा कि खेल विज्ञान, प्रशिक्षण, कोचिंग और अनुभव साझा करने के लिए दूसरे देशों के साथ सहयोग भी बढ़ाया जा रहा है।

युवाओं के सुझावों को नीतियों में शामिल करने पर जोर

प्रधानमंत्री ने ‘खेलो इंडिया संवाद’ को ऐसा मंच बताया, जहां युवाओं के विचार और सुझाव देश के खेल विजन को नई दिशा दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्पोर्ट्स इकोसिस्टम, टैलेंट डेवलपमेंट, गवर्नेंस और विकसित भारत को लेकर युवाओं की सोच को सुना जाएगा तथा उनके सुझावों को नीतियों के निर्माण से जोड़ा जाएगा।

नशे से दूर रहें युवा: अरुण साव

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि हर सफलता के पीछे कठोर परिश्रम होता है। बुराइयों को त्यागकर अपनी कमियों और खामियों को दूर करते हुए निरंतर मेहनत करने से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।

उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त रहना स्वयं में देश को मजबूत बनाने की दिशा में योगदान है।

असफलता से निराश न होने की अपील

उप मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि जीवन में कभी-कभी असफलता मिल सकती है, लेकिन इससे निराश या हताश नहीं होना चाहिए। असफलता के कारण नशे की ओर बढ़ना समस्या का समाधान नहीं है। उन्होंने युवाओं से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि युवाओं की क्षमता और सामर्थ्य के बल पर भारत को विकसित राष्ट्र बनाया जा सकता है।

तिलक वर्मा ने बताया खेल का महत्व

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर तिलक वर्मा ने युवाओं के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि खेल व्यक्ति को कठिन परिस्थितियों से जूझना, दबाव का सामना करना, टीम भावना बनाए रखना और मानसिक रूप से मजबूत रहना सिखाता है। खेल स्वास्थ्य, फिटनेस और पोषण के प्रति भी जागरूकता बढ़ाता है।

उन्होंने कहा कि कपिल देव, सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और नीरज चोपड़ा जैसे खिलाड़ियों ने देश के लाखों युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया है।

युवाओं को जिम्मेदारी लेने की जरूरत: प्रियंका बिस्सा

यूथ आइकन डॉ. प्रियंका बिस्सा ने कहा कि युवाओं को केवल सुझाव देने और पहल करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपने प्रयासों की जिम्मेदारी भी लेनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से नेतृत्व, शासन-प्रशासन और देश के विकास में सक्रिय एवं सशक्त भूमिका निभाने का आह्वान किया।

2036 ओलंपिक समेत कई मुद्दों पर हुआ युवा संवाद

कार्यक्रम के तहत आयोजित ‘युवा संवाद’ में NIT के विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और युवाओं ने खेल अधोसंरचना के विकास, खेल सुविधाओं के विस्तार, खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने, वर्ष 2036 के ओलंपिक के लिए प्रतिभा विकास, नशामुक्ति, युवा नेतृत्व, शासन में युवाओं की भागीदारी और विकसित भारत के लिए युवा सशक्तीकरण जैसे विषयों पर अपने विचार और सुझाव रखे।

कार्यक्रम में युवाओं को नशामुक्त रहने की शपथ भी दिलाई गई।

अधिकारी और प्राध्यापक रहे मौजूद

कार्यक्रम में NIT के निदेशक डॉ. एन.वी. रमना राव, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो और माय भारत के राज्य निदेशक अर्पित तिवारी सहित NIT के प्राध्यापकगण तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement
Share This Article