दो साल तक स्कूल से गैरहाजिर संविदा व्याख्याता पर कार्रवाई, DEO ने सेवा से किया पृथक

स्वामी आत्मानंद स्कूल पेण्ड्रा की व्याख्याता पायल कौशले पर विभागीय कार्रवाई; नोटिस के बावजूद नहीं दिया जवाब, बिना सूचना अनुपस्थिति को माना गया गंभीर लापरवाही

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। शिक्षा विभाग ने स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल पेण्ड्रा में पदस्थ संविदा व्याख्याता पायल कौशले के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से सेवा से पृथक कर दिया है। विभागीय आदेश के मुताबिक, लंबे समय तक बिना सूचना स्कूल से अनुपस्थित रहने और नोटिस का जवाब नहीं देने के कारण यह कार्रवाई की गई।

जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पायल कौशले की नियुक्ति वर्ष 2021 में अंग्रेजी व्याख्याता के पद पर हुई थी। स्कूल के प्राचार्य की रिपोर्ट में बताया गया कि वह 20 दिसंबर 2024 से 16 अगस्त 2026 तक स्कूल में उपस्थित नहीं हुईं।

रिपोर्ट के मुताबिक, इसके बाद 17 अगस्त 2026 को वह एक दिन के लिए स्कूल पहुंचीं, लेकिन अगले ही दिन यानी 18 अगस्त से दोबारा बिना किसी सूचना के अनुपस्थित रहीं। प्राचार्य द्वारा 25 अगस्त 2026 को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया, लेकिन विभाग के अनुसार न तो नोटिस का जवाब दिया गया और न ही उन्होंने स्कूल में पुनः ज्वाइन किया।

विभाग ने लगातार बिना सूचना अनुपस्थित रहने और शासकीय कार्य के प्रति उदासीनता को गंभीरता से लेते हुए सेवा से पृथक करने की कार्रवाई की है। आदेश में छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियमों का भी उल्लेख किया गया है।

Share This Article