बिलासपुर एयरपोर्ट पर विमान सुरक्षा को लेकर मंथन, पक्षियों और वन्यजीवों से टकराव रोकने पर बनी रणनीति

अभिषेक कुमार पाण्डेय

रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़

कलेक्टर संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में एरोड्रम कमिटी की बैठक, आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों की हुई समीक्षा

बिलासपुर, 24 सितंबर 2026। बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट बिलासपुर (चकरभाटा) में गुरुवार को एरोड्रम कमिटी और एरोड्रम एनवायरमेंट मैनेजमेंट कमिटी की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर एवं एरोड्रम कमिटी के अध्यक्ष संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई और विमान संचालन के दौरान पक्षियों व वन्यजीवों से होने वाले संभावित खतरे को रोकने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।

आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों पर जोर

बैठक में विमान संचालन से जुड़े सुरक्षा मानकों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने एयरपोर्ट पर किसी भी तरह की आपात स्थिति उत्पन्न होने पर विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने की तैयारियों पर चर्चा की।

बैठक में बताया गया कि ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) और नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप एरोड्रम कमिटी की बैठक वर्ष में दो बार आयोजित की जाती है। इन बैठकों में एयरपोर्ट की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों और तैयारियों की समीक्षा की जाती है।

विमान-पक्षी टकराव रोकने पर विशेष फोकस

एरोड्रम एनवायरमेंट मैनेजमेंट कमिटी की बैठक में विमान और पक्षियों एवं वन्यजीवों के बीच टकराव की संभावनाओं को कम करने के उपायों पर विशेष चर्चा हुई।

एयरपोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पक्षियों तथा वन्यजीवों की गतिविधियों पर निगरानी रखने, संभावित जोखिम वाले स्थानों की पहचान करने और समय रहते जरूरी निरोधात्मक कदम उठाने पर जोर दिया गया। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ लगातार निगरानी और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

विभिन्न विभागों ने बताई अपनी तैयारियां

बैठक में सुरक्षा और पर्यावरण प्रबंधन से जुड़े अलग-अलग विभागों के अधिकारियों ने अपने विभाग की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी दी। एयरपोर्ट की सुरक्षा और विमान संचालन को सुचारू बनाए रखने के लिए विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर जोर दिया गया।

कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, एयरपोर्ट नोडल अधिकारी संदीप अग्रवाल, एयरपोर्ट डायरेक्टर एन. वीरेन सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभ्रा गढ़ेवॉल सहित सीएसओ, इंटेलिजेंस ब्यूरो, कासो, विभिन्न एयरलाइंस के स्टेशन मैनेजर, मनोचिकित्सक, भाषा विज्ञानी, वन विभाग, एसडीएम, मुख्य नगर पालिका अधिकारी और स्थानीय पुलिस के अधिकारी उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और सुरक्षित विमान संचालन के लिए निरंतर समन्वय के साथ काम करने की बात कही।

Share This Article