रायगढ़। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए खनिज विभाग द्वारा सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। बीते एक सप्ताह के दौरान कार्रवाई करते हुए खनिज अमले ने कुल 27 वाहनों को जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अवैध खनिज परिवहन के मामलों में रेत से भरे 20 ट्रैक्टर और 2 हाईवा, खनिज मिट्टी-मुरूम के 3 ट्रैक्टर तथा चूनापत्थर से लदे 2 हाईवा जब्त किए गए हैं। जब्त सभी 27 वाहनों को सुरक्षार्थ कलेक्ट्रेट परिसर सहित थाना कोतरा रोड, भूपदेवपुर, पूंजीपथरा और पुसौर में रखा गया है।
खनिज विभाग ने संबंधित परिवहनकर्ताओं के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 एवं 23(क) के तहत विधिसम्मत प्रकरण दर्ज किए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन और परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। कलेक्टर ने खनिज विभाग के अधिकारियों को सतत निगरानी रखने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
रायगढ़ में अवैध खनन पर सख्ती, एक सप्ताह में 27 वाहन जब्त
Advertisement
आज का ई-पेपर 📄


