गुंटूर, पूर्वी गोदावरी और बापटला से सामने आए नए संक्रमित, स्वास्थ्य विभाग ने कहा- राज्य में कहीं भी क्लस्टर संक्रमण नहीं
आंध्र प्रदेश में मिले 7 नए मरीज
आंध्र प्रदेश में मंगलवार को कोरोना वायरस (COVID-19) के 7 नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इन नए मामलों के साथ राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 26 हो गई है। विभाग ने बताया कि नए मामलों में 4 मरीज गुंटूर जिले, 2 पूर्वी गोदावरी जिले और 1 मरीज बापटला जिले से सामने आया है।
स्वास्थ्य विभाग ने क्या कहा
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी नए मामले अलग-अलग क्षेत्रों से मिले हैं। फिलहाल राज्य में किसी भी स्थान पर संक्रमण का बड़ा फैलाव (क्लस्टर आउटब्रेक) नहीं पाया गया है। विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यक स्वास्थ्य निगरानी एवं एहतियाती उपाय किए जा रहे हैं।
COVID-19 ने दुनिया को किया था प्रभावित
COVID-19 आधुनिक समय की सबसे विनाशकारी महामारियों में से एक रही है। यह SARS-CoV-2 वायरस से होने वाली अत्यधिक संक्रामक बीमारी है, जो मुख्य रूप से फेफड़ों और श्वसन तंत्र को प्रभावित करती है। इस महामारी ने वैश्विक स्वास्थ्य व्यवस्था, अर्थव्यवस्था और सामान्य जनजीवन पर गहरा असर डाला था।
वुहान से शुरू हुई थी महामारी
दिसंबर 2019 में चीन के वुहान शहर में COVID-19 का पहला मामला सामने आया था। इसके बाद संक्रमण तेजी से दुनिया के विभिन्न देशों में फैल गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने 11 मार्च 2020 को COVID-19 को आधिकारिक रूप से वैश्विक महामारी घोषित किया था।
भारत में पहला मामला केरल में मिला था
भारत में COVID-19 का पहला मामला जनवरी 2020 में केरल के त्रिशूर जिले में दर्ज किया गया था, जहां वुहान विश्वविद्यालय से लौटी एक छात्रा संक्रमित पाई गई थी। इसके बाद संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए भारत सरकार ने मार्च 2020 में देशव्यापी लॉकडाउन लागू किया था।


