रायगढ़: बढ़ती महंगाई और सोना-चांदी की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर रायगढ़ जिला कांग्रेस ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में सुभाष चौक स्थित सराफा बाजार क्षेत्र में धरना देकर केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की गई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई पर चिंता जताते हुए आम जनता को राहत देने की मांग उठाई।
सराफा बाजार में किया विरोध, जनता और व्यापारियों से किया संवाद
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार आयोजित तीन दिवसीय धरना कार्यक्रम के तीसरे दिन रायगढ़ में यह प्रदर्शन किया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव के मार्गदर्शन और ब्लॉक अध्यक्ष (मध्य क्षेत्र) संदीप अग्रवाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने आम नागरिकों और सराफा व्यापारियों से बातचीत कर उनकी राय भी ली। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सोना-चांदी, पेट्रोल-डीजल, गैस और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि पर चिंता व्यक्त की।

कांग्रेस ने सरकार की आर्थिक नीतियों पर उठाए सवाल
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम परिवारों, किसानों, मजदूरों, व्यापारियों और मध्यम वर्ग की आर्थिक स्थिति पर असर डाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि के कारण आम लोगों की परेशानियां बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि सोना-चांदी की बढ़ती कीमतों का प्रभाव खासतौर पर उन परिवारों पर पड़ रहा है, जिनके यहां विवाह और सामाजिक कार्यक्रम होने हैं।
महंगाई पर नियंत्रण की मांग
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि सरकार बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाए और सोना-चांदी, पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस तथा आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए ठोस नीति बनाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
प्रदर्शन कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या मौजूद रही।


