पेंड्रा। छत्तीसगढ़ में बढ़ी हुई बिजली दरों को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जिला कांग्रेस कमेटी गौरेला-पेंड्रा-मरवाही की अध्यक्ष गजमती भानू ने पेंड्रा स्थित प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में बिजली दर वृद्धि का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि राज्य सरकार आम जनता पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह फैसला सीधे तौर पर गरीब, मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर और छोटे व्यापारियों को प्रभावित करेगा।
बिजली दर वृद्धि को बताया जनविरोधी फैसला, सरकार से वापस लेने की मांग
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए गजमती भानू ने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई से पहले ही परेशान जनता को राहत देने के बजाय उनकी मुश्किलें बढ़ाने का काम कर रही है। घरेलू उपभोक्ताओं से लेकर किसानों तक सभी वर्गों पर बढ़ी हुई बिजली दरों का सीधा असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस जनविरोधी निर्णय का पुरजोर विरोध करती है और सरकार से तत्काल बिजली दर वृद्धि वापस लेने की मांग करती है।
वादों से मुकर रही भाजपा सरकार, जनता पर बढ़ रहा आर्थिक दबाव
के.के. ध्रुव ने कहा कि भाजपा सरकार चुनाव के दौरान किए गए वादों को भूल चुकी है। राहत और विकास के दावे करने वाली सरकार अब लगातार जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि बिजली जैसी मूलभूत आवश्यकता को महंगा कर सरकार ने गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की चिंता बढ़ा दी है। कांग्रेस जनता के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
गांव-गांव तक उठेगी आवाज, आंदोलन की चेतावनी
जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता ओम प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जूझ रही जनता को राहत देने के बजाय सरकार लगातार जनविरोधी फैसले ले रही है। बिजली दर वृद्धि का सीधा असर आम नागरिकों के घरेलू बजट पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को गांव-गांव और वार्ड-वार्ड तक लेकर जाएगी।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि बिजली दर वृद्धि वापस नहीं ली गई तो पार्टी प्रदेशव्यापी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
पत्रकार वार्ता का संचालन जिला महामंत्री पुष्पराज सिंह ने किया।
कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता रहे उपस्थित
इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता मूलचंद कुशराम, रमेश साहू, बाला कश्यप, आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष बेचू अहिरेश, ब्लॉक अध्यक्ष दया वकरे, किसान कांग्रेस अध्यक्ष अवधेश गुर्जर, सुनीलता टिमोथी, अमोल पाठक, सोशल मीडिया प्रभारी रियांस सोनी और मंडल अध्यक्ष प्रशांत तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




