फर्जी दस्तावेजों के सहारे हो रहा था कोयला परिवहन, पेंड्रा में खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई; दो ट्रेलर जब्त, 3 लाख की पेनाल्टी

Advertisement
पेंड्रा जिले में खनिज विभाग की रातभर चली कार्रवाई में फर्जी दस्तावेज़ों के आधार पर कोयला परिवहन करते दो ट्रेलर जब्त, दोनों पर कुल 3 लाख रुपये पेनाल्टी लगाई गई।

पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के पेंड्रा जिले में अवैध खनिज परिवहन पर खनिज विभाग ने एक बार फिर कड़ी कार्रवाई की है। देर रात चले विशेष अभियान में विभागीय टीम ने कोटमी अड़भार क्षेत्र में दो ट्रेलर वाहनों को रोककर जांच की, जिनमें फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कोयला परिवहन किया जा रहा था। दस्तावेजों और वास्तविक लोडिंग स्थल में विरोधाभास मिलने पर तत्काल दोनों वाहनों को जब्त कर कार्रवाई शुरू की गई।

कोटमी अड़भार में कार्रवाई, दो ट्रेलर जब्त
खनिज विभाग की टीम ने कोटमी अड़भार इलाके में सर्वे के दौरान कोयले से भरे दो ट्रेलर MP19ZF2103 और MP18ZF2118 को रोका। वाहन चालकों के ई-ट्रांजिट पास की जांच की गई, जिसमें कोयला लोडिंग स्थल माँ तारा ट्रेडर्स, रतनपुर (जिला बिलासपुर) दर्ज था। लेकिन पूछताछ में चालक ने खुलासा किया कि कोयला कुसमुंडा, जिला कोरबा से लोड किया गया था।

दस्तावेज़ और वास्तविकता में बड़ा अंतर
जांच के दौरान दस्तावेज़ों में दर्ज जानकारी और चालकों के बयान में स्पष्ट विरोधाभास सामने आया। विभाग ने इसे कोयले की चोरी की श्रेणी में मानते हुए खान और खनिज विकास एवं विनियमन अधिनियम 1957 की धारा 21(1) एवं 21(5) के तहत मामला दर्ज किया।

3 लाख पेनाल्टी, वाहन पुलिस लाइन में खड़ा
दोनों ट्रेलर वाहनों को जब्त कर पुलिस लाइन अमरपुर में खड़ा कराया गया है। खनिज विभाग ने बताया कि इस सप्ताह कुल 11 वाहनों पर कार्रवाई की गई है, जिनमें हाइवा और ट्रैक्टर भी शामिल हैं। विभागीय टीम में सहायक जिला खनिज अधिकारी आदित्य मानकर, खनिज निरीक्षक सुजीत कंवर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

अभियान आगे भी जारी रहेगा
खनिज विभाग का कहना है कि जिले में अवैध खनिज परिवहन को रोकने के लिए ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। विभाग ने स्पष्ट किया कि फर्जी दस्तावेजों, ओवरलोडिंग और अवैध खनन से जुड़े किसी भी वाहन को बख्शा नहीं जाएगा।

Share This Article