ग्राम कंतेली में आयोजित कार्यक्रम में 68.14 करोड़ की लागत से पूरे हुए 24 कार्यों का करेंगे लोकार्पण, 397.26 करोड़ के कार्यों का होगा भूमिपूजन और शिलान्यास
24 विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण
मुंगेली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 13 नवंबर 2026 को मुंगेली जिले के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे ग्राम कंतेली में आयोजित कार्यक्रम में जिलेवासियों को कुल 465 करोड़ 40 लाख 82 हजार रुपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री 68 करोड़ 14 लाख 52 हजार रुपये की लागत से पूर्ण हो चुके 24 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे।
397 करोड़ के कार्यों का होगा भूमिपूजन
मुख्यमंत्री साय जिले में 397 करोड़ 26 लाख 30 हजार रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास भी करेंगे। इन परियोजनाओं में लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, आदिवासी विकास विभाग, जल संसाधन विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा और नगर पालिका परिषद लोरमी से संबंधित कार्य शामिल हैं।
सड़क, सिंचाई और बुनियादी सुविधाओं को मिलेगी गति
इन विकास परियोजनाओं के पूरा होने से जिले में सड़क नेटवर्क, सिंचाई व्यवस्था, बुनियादी ढांचे और अन्य जनसुविधाओं के विस्तार को गति मिलने की उम्मीद है। लोकार्पण और शिलान्यास के माध्यम से जिले में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
कार्यक्रम में ये जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन और राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा शामिल होंगे। इसके अलावा बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद पंचायत मुंगेली के अध्यक्ष सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।
