Mukhyamantri Helpline 1076 | मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से दिव्यांग अजय की बदली जिंदगी, एक शिकायत पर मिली मोटराइज्ड ट्रायसाइकिल

रायगढ़। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 जरूरतमंद लोगों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बनती जा रही है। रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड के ग्राम दर्रीपारा-गहनाझरिया निवासी दिव्यांग हितग्राही अजय शंकर चौहान को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराने के बाद समाज कल्याण विभाग की त्वरित कार्रवाई से मोटराइज्ड ट्रायसाइकिल उपलब्ध कराई गई, जिससे उनका आवागमन अब काफी आसान हो गया है।

एक शिकायत पर मिला समाधान

अजय शंकर चौहान ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कर बताया था कि दिव्यांगता के कारण उन्हें दैनिक कार्यों और आने-जाने में काफी परेशानी होती है। शिकायत प्राप्त होने के बाद समाज कल्याण विभाग ने मामले की जांच कर पात्रता प्रक्रिया पूरी की और उन्हें मोटराइज्ड ट्रायसाइकिल प्रदान की।

अब दूसरों पर निर्भरता हुई कम

मोटराइज्ड ट्रायसाइकिल मिलने के बाद अजय शंकर चौहान ने खुशी जताते हुए कहा कि अब वे अपने रोजमर्रा के कार्य आसानी से कर सकेंगे और आवागमन के लिए दूसरों पर निर्भरता भी काफी कम हो गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और समाज कल्याण विभाग का आभार व्यक्त किया।

दिव्यांगजनों को समय पर मिल रहा योजनाओं का लाभ

समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पात्र दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का भी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।

चार स्तर पर होती है शिकायतों की सुनवाई

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में दर्ज शिकायतों के समाधान के लिए चार स्तरीय व्यवस्था लागू है। सबसे पहले शिकायत का निराकरण ब्लॉक स्तर पर किया जाता है। समय सीमा में समाधान नहीं होने पर मामला जिला, फिर संभाग/निदेशालय और अंत में सचिव या विभागाध्यक्ष स्तर तक पहुंचता है। इस व्यवस्था से जवाबदेही तय होती है और शिकायतों के समयबद्ध निराकरण की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित होती है।

Share This Article