रायपुर में मुख्यमंत्री ने सिटी गैस अवसंरचना परियोजना का शुभारंभ किया

2 Min Read

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में सिटी गैस अवसंरचना परियोजना का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने सीएनजी युक्त वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और रायपुर नगर निगम की पहली पाइपलाइन गैस उपभोक्ता पूनम चौबे से संवाद कर घरेलू उपयोग में पाइपलाइन गैस की सुविधा के बारे में जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह परियोजना प्रदेश की स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक अधोसंरचना की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अब मेट्रो शहरों की तर्ज पर डीपीएनजी (डोमेस्टिक पाइप्ड नेचुरल गैस) के माध्यम से घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को पाइपलाइन से गैस उपलब्ध होगी। इससे घरेलू उपभोक्ताओं को रिफिलिंग की झंझट से मुक्ति मिलेगी और सुरक्षा भी बढ़ेगी।

उन्होंने कहा कि वाहनों में सीएनजी के उपयोग से प्रदूषण में कमी आएगी और आम नागरिकों के ईंधन खर्च में भी राहत मिलेगी। उद्योग क्षेत्र को सस्ती और सुलभ ऊर्जा मिलने से गति मिलेगी तथा प्रदेश में निवेश की संभावनाएं मजबूत होंगी।

मुख्यमंत्री ने एचसीजी समूह को बधाई दी और अपेक्षा जताई कि वे रायपुर के साथ-साथ बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों में सीएनजी स्टेशनों का व्यापक नेटवर्क विकसित करेंगे। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे स्वच्छ ईंधन अपनाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें।

कार्यक्रम में एचसीजी समूह के प्रबंध निदेशक राहुल चोपड़ा, निदेशक राजीव माथुर, अध्यक्ष दीपक सावंत, राकेश रंजन, गैल इंडिया के प्रतिनिधि और उद्योग जगत के लोग उपस्थित थे।

परियोजना का विस्तार: रायपुर, बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों में प्रारंभ की गई यह परियोजना घरेलू और व्यावसायिक उपयोग के लिए पाइपलाइन द्वारा पीएनजी तथा वाहनों के लिए सीएनजी की आपूर्ति सुनिश्चित करेगी।

Share This Article