छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के रजिस्ट्री परिवार ने आयोजित किया आभार सह विदाई समारोह
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा के सम्मान में उच्च न्यायालय के रजिस्ट्री परिवार की ओर से गरिमामय आभार सह विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उच्च न्यायालय के न्यायाधीशगण, रजिस्ट्रार जनरल, रजिस्ट्री में पदस्थ न्यायिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्रशासनिक दक्षता और कर्मचारी हितों से जुड़े फैसलों की सराहना
समारोह में वक्ताओं ने मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा के तीन वर्ष से अधिक लंबे कार्यकाल को याद करते हुए उनके नेतृत्व और प्रशासनिक कार्यकुशलता की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि उनके दूरदर्शी दृष्टिकोण और संवेदनशील कार्यशैली से उच्च न्यायालय की कार्यसंस्कृति को नई दिशा मिली।
डिजिटल व्यवस्था और अधोसंरचना को मिला बढ़ावा
उनके कार्यकाल के दौरान न्यायालय की कार्यप्रणाली को आधुनिक बनाने की दिशा में कई पहल किए जाने का उल्लेख किया गया। इनमें आर्काइव एवं डिजिटलाइजेशन सेंटर की स्थापना प्रमुख रही। इसके अलावा उच्च न्यायालय परिसर की अधोसंरचना को बेहतर बनाने से जुड़े कार्यों को भी महत्वपूर्ण उपलब्धियों के रूप में रेखांकित किया गया।
कर्मचारियों और उनके परिवारों की सुविधाओं पर जोर
वक्ताओं ने बताया कि कर्मचारी कल्याण से जुड़े कई कार्यों को भी प्राथमिकता दी गई। कर्मचारियों और उनके परिवारों की सुविधा के लिए झूलाघर के उन्नयन, डिस्पेंसरी के विस्तार तथा आवासीय कॉलोनी में स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य हुए।
सेवा संबंधी मामलों में विभिन्न पदों पर नियुक्ति, पदोन्नति और स्थायीकरण की प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा किए जाने का भी उल्लेख किया गया।
सांस्कृतिक आयोजनों से मजबूत हुआ पारिवारिक माहौल
राष्ट्रीय पर्वों, महिला दिवस और दीपावली सहित विभिन्न अवसरों पर आयोजित कार्यक्रमों में अधिकारियों और कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने की पहल को भी याद किया गया। वक्ताओं के अनुसार, इन आयोजनों से उच्च न्यायालय परिसर में आपसी सौहार्द और पारिवारिक वातावरण को मजबूती मिली।
सिल्वर जुबली समारोह और नए सभागार का भूमिपूजन रहा खास पड़ाव
मुख्य न्यायाधीश के कार्यकाल के दौरान उच्च न्यायालय के प्रतिष्ठित सिल्वर जुबली समारोह का आयोजन भी महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल रहा। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा नवीन सभागार के निर्माण के लिए किए गए भूमिपूजन को भी उनके कार्यकाल के प्रमुख पड़ाव के रूप में रेखांकित किया गया।
निरंतर प्रगति और सकारात्मक योगदान का संदेश
अपने संबोधन में मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों के प्रति सजग रहते हुए सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सभी से निरंतर प्रगतिशील रहने और न्याय व्यवस्था के सुचारू संचालन में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
स्वस्थ और सुखद भविष्य की कामना
विदाई समारोह में रजिस्ट्री परिवार की ओर से मुख्य न्यायाधीश के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। उपस्थित लोगों ने उनके स्वस्थ, सुखद और दीर्घ जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में जनहित और कर्मचारी हित से जुड़े निर्णय लंबे समय तक स्मरण किए जाएंगे।
कार्यक्रम का संचालन उच्च न्यायालय की कर्मचारी श्रीमती यामिनी पाटनवार ने किया। मुख्य न्यायाधीश के कार्यकाल से जुड़े प्रमुख संस्मरणों और उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण कु. तिलिमा साहू ने किया। अंत में श्री अभिनव गौरहा ने आभार प्रदर्शन किया।
अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़




