प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय सम्मान, सर्वाधिक वेंडर पंजीयन श्रेणी में उपलब्धि

Advertisement
Advertisement

रायपुर: मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली है. नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित पीएम सूर्य घर उत्कृष्टता पुरस्कार में छत्तीसगढ़ का चयन “माह का सौर अभियान – सर्वाधिक वेंडर पंजीयन” श्रेणी में द्वितीय स्थान के लिए किया गया है.

Month of Solar अभियान में बेहतर प्रदर्शन

इस उपलब्धि पर सीएम ने खुशी जताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह गौरव का विषय है कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत आयोजित ‘मंथ ऑफ सोलर’ अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जा रहा है. यह उपलब्धि स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य के सतत प्रयासों तथा जनभागीदारी का परिणाम है.

प्रधानमंत्री सूर्य घर में सर्वाधिक वेंडर रजिस्ट्रेशन

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मध्यम उपभोक्ता आधार वाले राज्यों की श्रेणी में सर्वाधिक वेंडर रजिस्ट्रेशन के मामले में छत्तीसगढ़ ने देश में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है, जिसके लिए राज्य का चयन पीएम सूर्यघर एक्सीलेंस अवार्ड के लिए किया गया है. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि ऊर्जा क्षेत्र में राज्य की सक्रियता, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनसहभागिता का सकारात्मक परिणाम है.

साय ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए ऊर्जा विभाग, क्रेडा, विद्युत वितरण कंपनियों, सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और सहयोगी संस्थाओं को बधाई और शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि टीमवर्क, प्रतिबद्धता और बेहतर समन्वय के कारण छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर रहा है.

नई दिल्ली में मुख्य सचिव लेंगे सम्मान

भारत सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के सचिव संतोष सारंगी ने छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकास शील को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी है. पत्र में उन्हें 4 जून 2026 को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम “प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के दो वर्ष : एक करोड़ सौर छतों की ओर बढ़ता भारत” में शामिल होने और राज्य की ओर से पुरस्कार ग्रहण करने के लिए आमंत्रित किया गया है.

प्रमुख सचिव (ऊर्जा) और पावर कंपनीज़ के अध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह ऩे इस उपलब्धि के लिये अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं. यह सम्मान राज्य में सौर ऊर्जा अभियान के अंतर्गत सर्वाधिक वेंडर पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए प्रदान किया जा रहा है. इस श्रेणी में एक महीने में छत्तीसगढ़ ने 86 वेंडर पंजीयन दर्ज कर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है. इस तरह छत्तीसगढ़ में 1222 वेंडर पंजीकृत हो चुके हैं. छत्तीसगढ़ ने महिला स्वसहायता समूहों को भी वेंडर बनाया है.

प्रधानमंत्री सूर्य घर

मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कर उपभोक्ताओं को सस्ती, स्वच्छ और टिकाऊ ऊर्जा उपलब्ध कराने के साथ-साथ बिजली बिल में कमी लाने का लक्ष्य रखा गया है. योजना के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है. 1 जून 2026 की स्थिति में राज्य में 1 लाख 93 हजार 371 आवेदन मिले, इनमें से 61 हजार 700 सौर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं. 1 लाख 32 हजार 28 स्थापना कार्य प्रगति पर हैं. 16 हजार उपभोक्ताओं के शून्य बिजली बिल का लाभ मिल चुका है.

योजना के तहत 45 हजार 978 हितग्राहियों को केंद्र शासन से 353.20 करोड़ रुपये और 40 हजार 910 हितग्राहियों को राज्य शासन से 122.62 करोड़ रुपये की अनुदान राशि प्राप्त हो चुकी है. इससे बड़ी संख्या में उपभोक्ता सौर ऊर्जा को अपनाने के लिए प्रोत्साहित हुए हैं.

Advertisement
Share This Article