शदाणी दरबार रायपुर की पंचम पीठाधीश के सम्मान में विशेष डाक टिकट भी होगा जारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ से जुड़े एक महत्वपूर्ण धार्मिक और सांस्कृतिक विषय पर भारत सरकार बड़ा सम्मान देने जा रही है। शदाणी दरबार, रायपुर की पंचम पीठाधीश माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के अवसर पर केंद्र सरकार ₹200 मूल्यवर्ग का स्मारक सिक्का जारी करेगी। इसके साथ ही उनके सम्मान में एक विशेष स्मारक डाक टिकट भी जारी किया जाएगा।
सिंधी समाज और छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि
शदाणी दरबार के नवम पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल ने बताया कि माता साहिब हासी देवी ने सिंध क्षेत्र में सेवा, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और समाज सुधार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उन्होंने नारी शक्ति के संरक्षण और समाज को एकजुट करने के लिए उल्लेखनीय कार्य किए।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा उनके योगदान को सम्मानित करना सिंधी समाज और छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है।
कोलकाता टकसाल में तैयार हो रहा स्मारक सिक्का
शदाणी दरबार के प्रवक्ता नंदलाल साहित्या और उदय साईं ने बताया कि किसी सिंधी विभूति के सम्मान में स्मारक सिक्का और विशेष डाक टिकट जारी होने का यह पहला अवसर माना जा रहा है।
प्रसिद्ध मुद्राशास्त्री सुधीर लूणावत के अनुसार, ₹200 मूल्यवर्ग का यह स्मारक सिक्का भारत सरकार की कोलकाता टकसाल में तैयार किया जा रहा है। सिक्के का वजन 35 ग्राम होगा, जिसमें 50 प्रतिशत चांदी, 40 प्रतिशत तांबा, 5 प्रतिशत निकल और 5 प्रतिशत जस्ता का मिश्रण रहेगा।
इसी सप्ताह हो सकता है अनावरण
संत डॉ. युधिष्ठिर लाल ने बताया कि स्मारक सिक्के का अनावरण इसी सप्ताह होने की संभावना है। जारी होने के बाद श्रद्धालु और सिक्का संग्राहक इसे शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों तथा कोलकाता टकसाल की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से बुक कर सकेंगे।




