जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, समाजसेवियों और शालेय परिवार की मौजूदगी में हुआ ध्वजारोहण, प्रतिभावान विद्यार्थियों का किया गया सम्मान
रायगढ़। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांदमारी, रायगढ़ में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति की अध्यक्ष श्रीमती शोभा शर्मा, वार्ड पार्षद एवं नगर पालिक निगम के एमआईसी सदस्य अमित शर्मा, पूर्व पार्षद श्रवण सिदार, अधिवक्ता एवं छत्तीसगढ़ हज कमेटी सदस्य गुलाम रहमान, भाजपा महिला मोर्चा की मेहरून्निशा, शिक्षाविद् पूर्णानंद शर्मा, पालक सदस्य इतवार सिंह, राजकुमारी नाग, दिलीप कसेरा तथा समाजसेवी महावीर अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में शालेय परिवार और जनसमुदाय उपस्थित रहा।


भारत माता की पूजा के बाद हुआ ध्वजारोहण
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण से हुई। इसके बाद अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर ध्वजारोहण किया गया। राष्ट्रगीत वंदे मातरम् और राष्ट्रगान जन गण मन का सामूहिक गायन हुआ। इस दौरान भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। स्वतंत्रता दिवस के प्रतीक तिरंगा गुब्बारों को भी खुले आसमान में छोड़ा गया।

विकसित भारत के निर्माण में योगदान का आह्वान
समारोह में गुलाम रहमान, समाजसेवी महावीर अग्रवाल और एसएमडीसी अध्यक्ष शोभा शर्मा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को देश के विकास में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने के लिए प्रेरित किया। महावीर अग्रवाल ने राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित प्रधान पाठक डॉ. मनीषा त्रिपाठी के उत्कृष्ट मंच संचालन तथा विद्यालय और समाज के प्रति उनके समर्पित कार्यों की सराहना की।

विद्यालय प्रमुखों का शाल-श्रीफल से सम्मान
विद्यालय के उत्तरोत्तर विकास एवं विद्यार्थियों के समग्र विकास में योगदान के लिए प्राथमिक, माध्यमिक और हायर सेकेंडरी संस्था प्रमुख क्रमशः डॉ. मनीषा त्रिपाठी, श्रीमती प्रेमलता चंदेल और श्री भरत लाल नामदेव को गुलाम रहमान द्वारा शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
वहीं बेहतर शालेय संचालन, उत्कृष्ट प्रबंधन, सही नेतृत्व और प्रभावी मंच संचालन के लिए डॉ. मनीषा त्रिपाठी का विशेष सम्मान शिक्षाविद् पूर्णानंद शर्मा द्वारा शाल-श्रीफल प्रदान कर किया गया।
बच्चों ने दी देशभक्ति और लोक संस्कृति की शानदार प्रस्तुति
इसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने भाषण, देशभक्ति गीत, नृत्य सहित छत्तीसगढ़ी और संबलपुरी लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया।

प्रतिभावान विद्यार्थियों को किया गया पुरस्कृत
सांस्कृतिक कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों के लिए मस्जिद गरीब नवाज मदरसा अहमदिया साबरी के नवनिर्वाचित सदर हाजी शेख मुबस्सिर हुसैन की ओर से पुरस्कार की व्यवस्था की गई। पुरस्कारों का वितरण सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी अनिल साहू, प्राचार्य भरत लाल नामदेव और प्रधान पाठक डॉ. मनीषा त्रिपाठी द्वारा किया गया।
शाला नायक इशहाक केरकेट्टा और सांस्कृतिक सचिव शेख अबुल हसन को व्याख्याता निराकार पटेल द्वारा सम्मानित किया गया। वहीं कक्षा पांचवीं बोर्ड परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली जयकुमारी नाग को व्याख्याता इरयल टोप्पो द्वारा पुरस्कृत किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मिडिल स्कूल की छात्राओं को इतवार सिंह द्वारा नगद पुरस्कार प्रदान किया गया।
विद्यार्थियों को मिठाई वितरित
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बच्चों के लिए मिठाई वितरण की व्यवस्था वार्ड पार्षद अमित शर्मा एवं विशिष्ट अतिथि समाजसेवी महावीर अग्रवाल की ओर से की गई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में अधिवक्ता एवं जिला बार काउंसिल उपाध्यक्ष महेन्द्र सिंह यादव, शिक्षाविद् पूर्णानंद शर्मा, इतवार सिंह और राजकुमारी नाग सहित अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
प्राचार्य ने जताया आभार
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य भरत लाल नामदेव ने उद्बोधन के साथ सभी अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों, शालेय परिवार और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह ने विद्यालय परिसर में देशभक्ति, सामाजिक समरसता और विद्यार्थियों की प्रतिभा का सुंदर संगम प्रस्तुत किया।




