चमोली टनल हादसा: लापता दोनों श्रमिकों के शव बरामद, रेस्क्यू अभियान में मिली बड़ी सफलता

Advertisement
Advertisement

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को हुए हादसे के बाद से जारी रेस्क्यू अभियान में बड़ी सफलता मिली है। सुरंग में लापता चल रहे दो श्रमिकों के शव मंगलवार को बरामद कर लिए गए हैं। शवों को जिला चिकित्सालय, गोपेश्वर भेज दिया गया है।

टनल में लगातार चलाया जा रहा था सर्च ऑपरेशन

विष्णुगाड–पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन टनल में हादसे के बाद से रेस्क्यू टीमें लगातार अंदर सर्च ऑपरेशन चला रही थीं। सुरंग में जमा पानी को बाहर निकालने के साथ ही मलबे और प्रभावित हिस्सों में लापता श्रमिकों की तलाश की जा रही थी।

एक श्रमिक की हुई पहचान

रेस्क्यू अभियान के दौरान बरामद किए गए शवों में से एक की पहचान लुकास टोपनो (31) के रूप में हुई है। वह बोयसा टोपनो के पुत्र और ग्राम सीमरटोली, पोस्ट कामरा, जिला खूंटी, झारखंड के निवासी थे।

हादसे के समय सुरंग में थे 22 श्रमिक

जानकारी के अनुसार हादसे के वक्त निर्माणाधीन सुरंग में कुल 22 श्रमिक मौजूद थे। इनमें से 12 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। हादसे में आठ श्रमिकों की मौत हो गई थी, जबकि दो श्रमिक लापता थे।

दो लापता श्रमिकों की तलाश खत्म

लापता दोनों श्रमिकों की तलाश के लिए कई दिनों से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा था। मंगलवार को दोनों के शव बरामद होने के साथ ही उनकी तलाश का अभियान समाप्त हो गया। शवों को पोस्टमार्टम एवं अन्य आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भेजा गया है।

रेस्क्यू अभियान में जुटी टीमों द्वारा सुरंग से पानी निकालने और प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित करने का काम भी लगातार किया जा रहा था। हादसे के बाद प्रशासन और बचाव दल पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

Advertisement
Share This Article