CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के रायपुर केंद्र ने अगले तीन दिनों तक पूरे प्रदेश में व्यापक बारिश की संभावना जताई है।
उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे ओडिशा तट पर बने सुस्पष्ट कम दबाव के क्षेत्र का असर प्रदेश में साफ दिखाई दे रहा है। इसी वजह से मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।
/filters:format(webp)/bansal-news/media/media_files/2026/07/04/screenshot-2026-07-04-233210-2026-07-04-23-52-39.png)
मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा।
/filters:format(webp)/bansal-news/media/media_files/2026/07/04/screenshot-2026-07-04-233225-2026-07-04-23-52-39.png)
शनिवार शाम जारी नाउकास्ट में धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा और रायगढ़ में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, आकाशीय बिजली और बारिश की चेतावनी दी गई है।
वहीं रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, कोरबा, मुंगेली, कबीरधाम और कई अन्य जिलों में भी 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
रायगढ़ सबसे गर्म, बस्तर सबसे ठंडा रहा
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि बस्तर और बिलासपुर संभाग के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई। अधिकतम तापमान रायगढ़ में 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसके बाद सक्ती में 35.4, मुंगेली में 34.5, रायपुर में 34.1 और बिलासपुर में 34 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। दूसरी ओर जगदलपुर 24.7 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा जिला रहा।
/filters:format(webp)/bansal-news/media/media_files/2026/07/04/screenshot-2026-07-04-233219-2026-07-04-23-52-39.png)
इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश
मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में बस्तर संभाग के कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई। सबसे अधिक 14 सेंटीमीटर बारिश बड़े बचेली में दर्ज की गई। इसके अलावा ओरछा और चांपा में 7 सेंटीमीटर, कोंटा, कुटरू, भैरमगढ़, थानखमरिया और बारमकेला में 6 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
/filters:format(webp)/bansal-news/media/media_files/2026/07/04/screenshot-2026-07-04-233238-2026-07-04-23-52-39.png)
इसके साथ ही जांजगीर, बीजापुर, सारंगढ़, गंगालूर और सेवरीनारायण सहित कई स्थानों पर अच्छी बारिश हुई। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी।
बिजली और तेज हवा के दौरान सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। तेज हवा और आकाशीय बिजली के समय पेड़ों के नीचे खड़े न होने, खुले मैदान से दूर रहने और सुरक्षित स्थान पर शरण लेने की अपील की गई है।
किसानों और आम नागरिकों से भी मौसम की चेतावनी पर नजर रखने को कहा गया है। विभाग का कहना है कि कम दबाव का क्षेत्र उत्तर ओडिशा और उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहा है, जिससे अगले तीन दिनों तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां लगातार बनी रह सकती हैं।




