CG Mayor Audio Viral : 3 लाख रुपए मांगने के ऑडियो पर बवाल, रो पड़ीं मेयर मंजूषा भगत; बोलीं—आदिवासी महिला होने के कारण हो रहा षड्यंत्र

Advertisement

CG Mayor Audio Viral: अंबिकापुर नगर निगम की मेयर मंजूषा भगत का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें मीना बाजार लगाने की अनुमति के बदले पैसों की मांग किए जाने का दावा किया जा रहा है।

मामला सामने आने के बाद मेयर अजाक थाने पहुंचीं और ऑडियो बनाने व वायरल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि वायरल ऑडियो में सुनाई देने वाली आवाज उनकी नहीं है।

मीडिया से बात करते हुए भावुक हुईं मेयर

मीडिया से बातचीत के दौरान मंजूषा भगत भावुक हो गईं और रो पड़ीं। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ साजिश की जा रही है। वह एक आदिवासी महिला हैं, इसलिए उन्हें बदनाम करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले से उनका परिवार भी परेशान है और वे कई दिनों से ठीक से खाना-पीना नहीं कर पा रही हैं।

कांग्रेस ने जांच की मांग की

मामले को लेकर कांग्रेस ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि वायरल ऑडियो में पैसों के लेन-देन की बातें सामने आ रही हैं, इसलिए पूरे मामले की जांच होनी चाहिए। नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में सच्चाई सामने आनी चाहिए।

युवा कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

वायरल ऑडियो को लेकर युवा कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट चौक पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने स्पीकर लगाकर लोगों को ऑडियो सुनाया और कार्रवाई की मांग की। वहीं, मेयर ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मामले की पूरी जांच होनी चाहिए और दोषियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।

Share This Article