बीजेपी ने पश्चिम बंगाल में पहली बार जीत दर्ज की है, जबकि असम में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की है.
नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनावों में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत के बाद नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में जश्न मनाया गया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता समारोह में शामिल हुए.
पीएम मोदी धोती-कुर्ता में समारोह में पहुंचे और मंच से नेताओं और कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया और जीत की बधाई दी. इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश के साथ पीएम मोदी का स्वागत किया.
समारोह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने पांचों राज्यों की जनता को नमन किया, जहां विधानसभा चुनाव हुए. उन्होंने कहा, “आज का ये दिन ऐतिहासिक है, अभूतपूर्व है. जब वर्षों की साधना, सिद्धि में बदलती है, तो चेहरे पर जो खुशी होती है, वो खुशी आज मैं देश भर के बीजेपी कार्यकर्ताओं के चेहरे पर देख रहा हूं.”
उन्होंने कहा कि, एक कार्यकर्ता होने के नाते मैं बीजेपी के हर कार्यकर्ता की खुशी में शामिल हूं. आज का ये दिवस कई मायनों में खास है, विशेष है. ये देश के उज्ज्वल भविष्य की उद्घोषणा का दिन है. ये भरोसे का दिन है. भरोसा भारत के महान लोकतंत्र पर, भरोसा प्रदर्शन की राजनीति पर, भरोसा स्थिरता के संकल्प पर, भरोसा एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना पर.
उन्होंने कहा कि मैं बंगाल की जनता का, असम की जनता का, पुडुचेरी की जनता का, तमिलनाडु और केरलम की जनता का आज आदरपूर्वक नमन करता हूं, मैं उन सबका वंदन करता हूं. मैं आज भाजपा के कोटि-कोटि कार्यकर्ताओं का भी हृदय से अभिनंदन करता हूं. भाजपा के हर छोटे-बड़े कार्यकर्ता ने एक बार फिर से कमाल कर दिया है, कमल खिला दिया है. आपने नया इतिहास रच दिया है.
पीएम मोदी ने कहा कि लोकतंत्र हमारे लिए सिर्फ एक तंत्र नहीं है, ये हमारी रगों में दौड़ता हुआ संस्कार है. ये हमारी रगों की संस्कार सरिता है. आज केवल भारत का लोकतंत्र ही नहीं जीता है, आज भारत का संविधान भी जीता है. हमारी संवैधानिक संस्थाएं जीती हैं, हमारी लोकतांत्रिक प्रक्रियाएं जीती हैं.
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में करीब 93% मतदान होना, अपने आप में ऐतिहासिक रहा है. असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में भी मतदान के नए रिकॉर्ड बने हैं. इसमें भी महिलाओं की भागीदारी बहुत अधिक रही है. ये भारतीय लोकतंत्र की सबसे उजली तस्वीर बन रही है.
पीएम मोदी ने कहा, “मैं आज चुनाव आयोग को, चुनाव आयोग के सभी कर्मचारी भाई-बहनों को, मतदान प्रक्रिया से जुड़े सारे कर्मियों का और विशेष तौर पर सुरक्षा बलों का भी बहुत बहुत अभिनंदन करता हूं. भारत के लोकतंत्र की गरिमा को बनाए रखने में आप सबका योगदान इतिहास हमेशा याद रखेग.
मां गंगा के इर्द-गिर्द बसे राज्यों में भाजपा-NDA सरकार
उन्होंने कहा कि पिछले साल 14 नवंबर को जब बिहार चुनाव के नतीजे आए थे, तब मैंने यहीं इसी जगह से आप सबको कहा था कि गंगा जी बिहार से आगे बहते हुए गंगासागर तक जाती हैं और आज बंगाल की जीत के साथ गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक कमल ही कमल खिला हुआ है. उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और अब पश्चिम बंगाल, आज मां गंगा के इर्द-गिर्द बसे इन राज्यों में भाजपा-NDA सरकार है.
पीएम मोदी ने आगे कहा कि 2013 में जब भारतीय जनता पार्टी ने मुझे प्रधानमंत्री के उम्मीदवार के रूप में भी काम दिया और जब मैं काशी में अपना नामांकन भरने गया था, और पत्रकारों ने मुझे घेर लिया, तो स्वाभाविक रूप से मेरे हृदय से ध्वनि निकली थी और मैंने कहा था कि न मैं आया हूं, न मुझे किसी ने भेजा है. मां गंगा ने मुझे बुलाया है. आज मैं हर पल अनुभव कर रहा हूं कि मां गंगा के आशीर्वाद निरंतर हम सब पर अपनी कृपा बरसा रहे हैं. गंगा जी के साथ-साथ ब्रह्मपुत्र का भी हम पर बहुत आशीर्वाद रहा है. मां कामख्या का आशीर्वाद रहा है. असम की जनता ने लगातार तीसरी बार भाजपा-NDA पर भरोसा किया है.
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की आत्मा को शांति मिली होगी…
पीएम मोदी ने कहा कि आज भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में मेरे मन में एक और बात आ रही है. वो बात ये है कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की आत्मा को आज कितनी शांति मिली होगी. उन्होंने 1951 में जनसंघ की स्थापना करके प्रत्येक कार्यकर्ता को संदेश दिया था कि देश के लिए जीना है और देश के लिए मरना है. उन्होंने अपने जीवन से साबित किया कि राष्ट्र सर्वोपरि का मंत्र लेकर चलने वाले अपना जीवन देने में एक पल का भी संकोच नहीं करते. डॉ. मुखर्जी ने पश्चिम बंगाल को भारत का हिस्सा बनाए रखने के लिए एक बड़ी लड़ाई लड़ी थी. उन्होंने जिस सशक्त और समृद्ध बंगाल का सपना देखा था, वो सपना कई दशकों से पूरा होने का इंतजार कर रहा था. आज 4 मई, 2026 को बंगाल की जनता ने हम भाजपा कार्यकर्ताओं को वो अवसर दिया है. बंगाल के भाग्य में आज से एक नया अध्याय जुड़ गया है. आज से बंगाल भयमुक्त हुआ है और विकास के भरोसे से युक्त हुआ है.

