कांसाबेल में 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म का मामला, आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया

By
Advertisement
Advertisement

जशपुर/कांसाबेल। थाना कांसाबेल क्षेत्रांतर्गत एक ग्राम में 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ घर में घुसकर मारपीट और दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

सामाजिक कार्यक्रम से लौटने के बाद घर में घुसकर की वारदात, मारपीट कर दिया अपराध को अंजाम

प्रकरण में पीड़िता ने 10.05.2026 को थाना कांसाबेल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, 09.05.2026 को गांव में एक सामाजिक कार्यक्रम के बाद पीड़िता रात करीब 9 बजे अपने घर लौटकर सोने की तैयारी कर रही थी।

इसी दौरान आरोपी जबरन घर में घुस गया और गलत नीयत से छेड़छाड़ करते हुए बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट की। जान से मारने की धमकी देकर उसने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। किसी तरह पीड़िता आरोपी के चंगुल से बचकर बाहर निकली और शोर मचाया।

शिकायत के बाद दर्ज हुआ मामला, गंभीर धाराओं में अपराध पंजीबद्ध

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कांसाबेल में आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 64(1), 115(2), 332(बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।

पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले को संवेदनशील मानते हुए तत्काल विवेचना में लिया।

फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस, तकनीकी टीम की मदद से पकड़ा गया

घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी। मुखबिर और तकनीकी टीम की मदद से पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी जिला रायगढ़ के कापू थाना क्षेत्रांतर्गत अपने गृह ग्राम में छिपा हुआ है।

इसके बाद डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए रवाना किया गया। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।

अपराध स्वीकार के बाद आरोपी जेल भेजा गया, पुलिस की टीम ने निभाई अहम भूमिका

पुलिस पूछताछ में आरोपी महिमा प्रकाश मिंज (उम्र 26 वर्ष) ने अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर 13.05.2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार यादव, आरक्षक अर्जुन बड़ा और नगर सैनिक योगेंद्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का बयान, महिलाओं के खिलाफ अपराध पर सख्त कार्रवाई

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस महिलाओं से संबंधित अपराधों को लेकर अत्यंत संवेदनशील है और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement
Share This Article