सरगुजा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, साइबर सेल और थाना गांधीनगर की संयुक्त टीम सक्रिय
सरगुजा संभाग में रेत तस्करी से जुड़े एक गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित 2 विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया है। नगर सैनिक से मारपीट कर रेत से भरा वाहन छुड़ाने के मामले में यह कार्रवाई डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के निर्देशन में की गई।
जांच के दौरान नगर सैनिक पर हमला, वर्दी फाड़ने की कोशिश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी तारकेश्वर वर्मा, जो रायपुर खनिज शाखा में नगर सैनिक के पद पर कार्यरत हैं, ने थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 22 जून 2026 को वे केंद्रीय उडनदस्ता टीम के साथ जांच के दौरान रेत से भरे वाहन को अभिरक्षा में लेकर कलेक्ट्रेट परिसर अंबिकापुर ले जा रहे थे।
इसी दौरान वाहन चालक सोनू टोप्पो और अन्य लोगों ने वाहन मालिक का नाम लड्डन खान बताते हुए धमकी दी। बाद में गांधी चौक सिग्नल पर लड्डन खान मौके पर पहुंचे और कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए नगर सैनिक से मारपीट की गई तथा उनकी वर्दी फाड़ने का प्रयास किया गया। इस दौरान वाहन चालक रेत से भरा वाहन लेकर फरार हो गया।
मामला दर्ज, त्वरित कार्रवाई में 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी
घटना के बाद थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 386/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
थाना गांधीनगर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए पहले दो आरोपियों—सोनू टोप्पो और धनसिंह टोप्पो—को गिरफ्तार किया।
मुख्य आरोपी लड्डन खान भी गिरफ्तार
लगातार तलाश के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी लड्डन खान को भी गिरफ्तार कर लिया। साथ ही 2 विधि से संघर्षरत बालकों को भी हिरासत में लिया गया। पूछताछ में सभी ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी लड्डन खान के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
न्यायिक कार्रवाई जारी
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी लड्डन खान को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना गांधीनगर प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, उप निरीक्षक दिलीप दुबे, साइबर सेल प्रभारी एएसआई अजीत मिश्रा, तथा अन्य पुलिस कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


