Bus Accident Birmitrapur : चलती बस से गिरकर युवक की मौत, चालक पर लापरवाही का आरोप, परिजनों में आक्रोश

Advertisement
Advertisement

बीरमित्रपुर। ओडिशा के बीरमित्रपुर बस स्टैंड के पास शनिवार सुबह हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

बस से उतरते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अनिल एक्का निवासी बंडामुंडा दफाई, बीरमित्रपुर के रूप में हुई है। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक अनिल कलूंगा आईडीसी स्थित एक फैक्ट्री में कार्यरत था। शनिवार तड़के ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह वेदव्यास से राउरकेला-झारखंड मार्ग की एक बस में सवार होकर घर लौट रहा था।

चालक पर लापरवाही का आरोप

बताया जा रहा है कि सुबह करीब 5:30 बजे बस बीरमित्रपुर बस स्टैंड पहुंची। इसी दौरान जब अनिल बस से उतर रहा था, तभी चालक ने बस की रफ्तार बढ़ा दी। इससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना की जानकारी होने के बावजूद चालक और परिचालक बस रोककर घायल की मदद किए बिना मौके से निकल गए। समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण अनिल की हालत और बिगड़ गई।

अस्पताल में हुई मौत

कुछ समय बाद स्थानीय लोगों की नजर घायल युवक पर पड़ी। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच

मृतक के परिजनों की शिकायत पर बीरमित्रपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के लिए जिम्मेदार बस की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस चालक और परिचालक की भूमिका की जांच कर रही है।

Advertisement
Share This Article