संत गाडगे बाबा के आदर्शों पर चलकर स्वच्छ, समरस और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण संभव : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

Advertisement
Advertisement

बोदरी में 150वीं जयंती समारोह में शामिल होकर मुख्यमंत्री ने दी विकास कार्यों की सौगात, 42 करोड़ की सड़क परियोजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास

बोदरी (बिलासपुर)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शनिवार को बिलासपुर जिले के बोदरी में आयोजित कन्नौजे रजक समाज सेवा समिति के कार्यक्रम में शामिल हुए। यह आयोजन संत शिरोमणि गाडगे बाबा की 150वीं जयंती, शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह के रूप में आयोजित किया गया था। मुख्यमंत्री ने संत गाडगे बाबा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बताए सेवा, स्वच्छता तथा सामाजिक समरसता के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी उपस्थित रहे।

42 करोड़ की सड़क परियोजनाओं से विकास को मिलेगी नई रफ्तार

मुख्यमंत्री ने लगभग 42 करोड़ रुपये की लागत से लोक निर्माण विभाग की छह सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि मजबूत सड़क नेटवर्क से क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी और नागरिकों को आवागमन की बेहतर सुविधा प्राप्त होगी।

उन्होंने कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारियों, प्रतिभाशाली व्यक्तियों और विद्यार्थियों का सम्मान भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे सम्मान युवाओं को समाज सेवा और उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रेरित करते हैं।

संत गाडगे बाबा के विचार आज भी प्रासंगिक : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत गाडगे बाबा का जीवन त्याग, सेवा, स्वच्छता और सामाजिक सुधार का प्रतीक है। उन्होंने समाज में फैली कुरीतियों, अंधविश्वास और छुआछूत के खिलाफ आजीवन संघर्ष किया। उनका संदेश आज भी समाज को नई दिशा देता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहा स्वच्छ भारत मिशन संत गाडगे बाबा के स्वच्छता संबंधी विचारों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है।

समाज और क्षेत्र के विकास के लिए कई घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर विभिन्न विकास और सामाजिक घोषणाएं कीं। उन्होंने कन्नौजे रजक समाज के सामुदायिक भवन के लिए 60 लाख रुपये और संत गाडगे भवन के लिए 25 डिसमिल भूमि उपलब्ध कराने की घोषणा की।

इसके अलावा सन्नडय कुर्मी समाज भवन के लिए 60 लाख रुपये और वर्मा समाज भवन के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री ने धमनी-चकरभाठा मिडिल स्कूल को हाई स्कूल में उन्नयन, बोदरी को एयरपोर्ट के पास खेल मैदान और जोरा तालाब के सौंदर्यीकरण की भी घोषणा की।

समाज के नवनियुक्त पदाधिकारियों को दिलाई शपथ

कार्यक्रम में विधायक धरमलाल कौशिक ने समाज के नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और समाज की एकजुटता व संगठनात्मक शक्ति पर जोर दिया।

कन्नौजिया रजक समाज के संभागीय अध्यक्ष लक्ष्मीकांत निर्णेजक ने स्वागत भाषण दिया, जबकि राज्य अध्यक्ष विश्राम निर्मलकर ने समाज की प्रगति पर प्रकाश डाला।

अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम में पद्मश्री रामलाल बरेठ, पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, विधायक सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

समारोह में संभागायुक्त सुनील जैन, आईजी रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

Advertisement
Share This Article