ब्रेकिंग न्यूज़: रायगढ़ के बरलिया में वन विभाग का बड़ा छापा, अवैध बीजा लकड़ी का जखीरा व मशीनें जब्त, एक हिरासत में..

Advertisement
Advertisement

रायगढ़@दैनिक खबर सार :- जिला मुख्यालय से महज 10 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम बरलिया में वन विभाग और वन उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने मंगलवार को एक मकान में दबिश देकर अवैध बीजा लकड़ी का बड़ा जखीरा बरामद किया है। मुखबिर की पुख्ता सूचना पर की गई इस औचक कार्रवाई से इलाके के लकड़ी तस्करों में हड़कंप मच गया है।

गुप्त सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने बरलिया स्थित एक संदिग्ध मकान की घेराबंदी कर तलाशी ली। छापे के दौरान मकान परिसर से भारी मात्रा में डंप कर रखी गई कीमती बीजा लकड़ी, चिरान मशीन और लकड़ी कटाई से संबंधित कई उपकरण बरामद किए गए।

एक संदेही हिरासत में, डिपो भेजी गई लकड़ी
कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिससे अवैध लकड़ी के स्रोत और तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। जब्त लकड़ी और सभी उपकरणों को पंचनामा तैयार कर वन डिपो भेज दिया गया है।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में अवैध कटाई और लकड़ी के भंडारण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। मामले में वन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement
Share This Article