दंतेवाड़ा। साइबर ठगी के एक बड़े मामले में दंतेवाड़ा पुलिस की साइबर सेल ने केरल के पलक्कड़ से दो अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई 19.50 लाख रुपए की साइबर ठगी के मामले में की गई है।
आधार वेरिफिकेशन और मनी लॉन्ड्रिंग का डर दिखाकर की गई ठगी
पुलिस के अनुसार आरोपी लोगों को आधार कार्ड वेरिफिकेशन और मनी लॉन्ड्रिंग जैसे मामलों में फंसाने का डर दिखाकर ठगी को अंजाम देते थे। पीड़ितों को डराकर उनके बैंक खातों से रकम ट्रांसफर कराई जाती थी।
किराये के खातों और क्रिप्टोकरेंसी से छिपाया गया पैसा
जांच में सामने आया है कि आरोपी किराये के बैंक खातों का इस्तेमाल कर ठगी की रकम को इधर-उधर ट्रांसफर करते थे और बाद में उसे क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर सबूत मिटाने की कोशिश करते थे।
8 राज्यों में 17 शिकायतें, 9 लाख का संदिग्ध लेन-देन
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपियों के खातों में करीब 9 लाख रुपए के संदिग्ध लेन-देन पाए गए हैं। इनके खिलाफ देश के 8 राज्यों में कुल 17 साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं।
पुलिस ने मोबाइल, एटीएम और नकदी की जब्ती की
दंतेवाड़ा पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और नगद राशि जब्त की है।
दंतेवाड़ा पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को साइबर ठगी गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।


