अभिषेक कुमार पाण्डेय
संवाददाता, जिला बिलासपुर, छत्तीसगढ़
बिलासपुर, 22 अगस्त। छत्तीसगढ़ के शहरी क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ₹9 करोड़ 44 लाख 25 हजार की एल्डरमैन निधि जारी की है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद प्रथम किस्त की 50 प्रतिशत राशि सीधे संबंधित नगरीय निकायों के खातों में अंतरित कर दी गई है।
जनहित के कार्यों में होगा निधि का उपयोग
डिप्टी सीएम अरुण साव ने अधिकारियों को निधि का शत-प्रतिशत सदुपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस राशि से नगरीय क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं से जुड़े जरूरी विकास एवं निर्माण कार्य कराए जा सकेंगे।
एल्डरमैन अपने-अपने क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुसार जनहितैषी कार्यों की अनुशंसा कर सकेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर लंबे समय से लंबित छोटे-बड़े विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
नगर निगमों को ₹2.07 करोड़
जारी राशि के अनुसार प्रदेश के 10 नगर निगमों को ₹2 करोड़ 7 लाख की निधि आवंटित की गई है। वहीं 53 नगर पालिका परिषदों को ₹3 करोड़ 93 लाख तथा 102 नगर पंचायतों को ₹3 करोड़ 44 लाख 25 हजार की राशि निर्धारित की गई है।
शहरों में विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार
एल्डरमैन निधि के जरिए प्रदेश के विभिन्न नगरीय निकायों में स्थानीय जरूरतों के मुताबिक विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। इससे सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराने में मदद मिल सकती है।




