सेवा संकल्प अभियान के लिए बिलासपुर जिला पंचायत की डिजिटल रणनीति

Advertisement
Advertisement

अभिषेक कुमार पाण्डेय

रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़

चारों जनपद पंचायतों में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और कंटेंट मैनेजमेंट की जिम्मेदारी तय

बिलासपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की गतिविधियों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने के लिए जिला पंचायत बिलासपुर ने डिजिटल रणनीति तैयार की है। अभियान के दौरान विभिन्न गतिविधियों, शासकीय योजनाओं के प्रभाव और हितग्राहियों के अनुभवों को सोशल मीडिया के माध्यम से साझा किया जाएगा।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा जारी आदेश क्रमांक 1705 के तहत बिल्हा, मस्तूरी, कोटा और तखतपुर जनपद पंचायतों में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग एवं कंटेंट मैनेजमेंट के लिए कर्मचारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं।

आदर्श श्रीवास्तव को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी

अभियान के लिए आदर्श श्रीवास्तव को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर/एक्स के लिए जनपद स्तर पर अलग-अलग कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। संबंधित कर्मचारी अभियान की जमीनी गतिविधियों के फोटो, वीडियो, सेल्फी और संदेश सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करेंगे।

फेसबुक की जिम्मेदारी

फेसबुक पर अभियान से जुड़ी गतिविधियों को साझा करने के लिए बिल्हा एवं मस्तूरी का दायित्व पवन ध्रुव तथा कोटा एवं तखतपुर का दायित्व करूणा एक्का को सौंपा गया है।

इंस्टाग्राम पर युवाओं तक पहुंचेगा अभियान

इंस्टाग्राम के लिए बिल्हा एवं मस्तूरी की जिम्मेदारी अंजलि पैकरा और कोटा एवं तखतपुर की जिम्मेदारी बिलिता कुजूर को दी गई है। इनके माध्यम से अभियान की गतिविधियों से संबंधित फोटो और वीडियो साझा किए जाएंगे।

ट्विटर/एक्स पर प्रशासनिक अपडेट

ट्विटर/एक्स के लिए बिल्हा एवं मस्तूरी का दायित्व दिलीश कुमार कौशले तथा कोटा एवं तखतपुर की जिम्मेदारी घनश्याम कैवर्त को दी गई है। इस माध्यम से अभियान से जुड़े प्रशासनिक अपडेट और गतिविधियों की जानकारी साझा की जाएगी।

पीएम आवास हितग्राहियों के अनुभव भी होंगे साझा

प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के अनुभव, पक्के मकान मिलने के बाद उनके जीवन में आए बदलाव और खुशी से जुड़े वीडियो एवं सेल्फी संकलित करने की जिम्मेदारी विपिन ताम्रकार को सौंपी गई है। यह सामग्री जिले की चारों जनपद पंचायतों—बिल्हा, मस्तूरी, कोटा और तखतपुर—से एकत्र कर सोशल मीडिया पर साझा की जाएगी।

गांवों में चल रहे अभियान की जानकारी डिजिटल माध्यम से पहुंचेगी

जिला पंचायत की इस व्यवस्था के तहत अभियान की गतिविधियों और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित योजनाओं की जानकारी डिजिटल माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया है। अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा जमीनी स्तर पर होने वाली गतिविधियों की सामग्री संकलित कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की जाएगी।

Advertisement
Share This Article