हर घर तिरंगा और वंदे मातरम् कार्यक्रमों से देशभक्ति के रंग में रंगेगा बिलासपुर

Advertisement
Advertisement

9 से 17 अगस्त तक जिलेभर में होंगे विविध आयोजन, नगरीय निकायों से लेकर स्कूल-कॉलेजों तक चलेगा अभियान

बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘वंदे मातरम्’ कार्यक्रमों का व्यापक आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने अभियान की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए सभी कार्यक्रमों का व्यवस्थित एवं प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

9 से 17 अगस्त तक चलेगा हर घर तिरंगा अभियान

राज्य शासन के संस्कृति विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले में 7 से 15 अगस्त तक वंदे मातरम् तथा 9 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। नगरीय निकायों, जनपद पंचायतों, ग्राम पंचायतों, स्कूल-कॉलेजों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में कार्यक्रम होंगे।

तिरंगा यात्रा, रैली और मैराथन से गूंजेगा देशभक्ति का संदेश

अभियान के तहत जिले में तिरंगा यात्रा, तिरंगा रैली, साइकिल-बाइक-कार रैली, तिरंगा दौड़ एवं मैराथन जैसे आयोजन किए जाएंगे। इनमें जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, युवाओं, स्वयं सहायता समूहों, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, पुलिस विभाग, खिलाड़ियों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

तिरंगा कॉन्सर्ट और तिरंगा मेला भी होगा आकर्षण

हर घर तिरंगा अभियान के दौरान तिरंगा कॉन्सर्ट, तिरंगा कैनवास, तिरंगा प्रतिज्ञा, तिरंगा सेल्फी और तिरंगा सम्मान जैसी गतिविधियां भी होंगी। स्थानीय स्वतंत्रता सेनानियों, वीरों और उनके परिवारों को कार्यक्रमों में आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा।

इसके अलावा तिरंगा मेलों के माध्यम से स्थानीय कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित किया जाएगा। कार्यक्रम स्थलों पर झंडे, वस्त्र एवं अन्य सामग्री के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

स्कूल-कॉलेजों में देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम

जिले के स्कूलों, कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में देशभक्ति गीत प्रतियोगिता, भाषण, विचार गोष्ठी, संगोष्ठी और छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्कूल बैंड द्वारा वंदे मातरम् से संबंधित संगीत कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।

14 अगस्त को वंदे मातरम् आधारित प्रदर्शनी तथा सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस बैंड द्वारा वंदे मातरम् एवं देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति भी होगी।

15 अगस्त को ग्राम पंचायत से जिला स्तर तक सामूहिक गायन

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को जिला मुख्यालय से लेकर जनपद पंचायत, ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकाय स्तर तक ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगीत एवं वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया जाएगा। प्रमुख स्थलों, शासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थानों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे।

कलेक्टर ने की अभियान में जनभागीदारी की अपील

कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर समयबद्ध आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अभियान में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता हो और हर घर तिरंगा अभियान को जनभागीदारी का व्यापक स्वरूप दिया जाए।

उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे उत्साहपूर्वक अभियान में शामिल हों, अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएं और देशभक्ति की भावना के साथ हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाएं।

रिपोर्ट : अभिषेक कुमार पाण्डेय
जिला संवाददाता, बिलासपुर, छत्तीसगढ़
दिनांक : 09/08/2026

Advertisement
Share This Article