आशीर्वाद के दीयों से जगमगाएगा बिलासपुर, शाम 7 बजे एक साथ जलेंगे करीब 10 लाख दीप

Advertisement
Advertisement

अभिषेक कुमार पाण्डेय

रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़

पुलिस परेड ग्राउंड में उप मुख्यमंत्री अरुण साव की मौजूदगी में प्रज्वलित होंगे 1.25 लाख दीये

बिलासपुर, 17 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को बिलासपुर जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत जिलेभर में शाम 7 बजे एक साथ करीब 10 लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

जिला स्तरीय कार्यक्रम में जलेंगे 1.25 लाख दीप

जिला स्तरीय ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम पुलिस परेड ग्राउंड में शाम 7 बजे आयोजित होगा। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। यहां करीब 1 लाख 25 हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

धार्मिक और ऐतिहासिक स्थल भी रोशन होंगे

अभियान के तहत जिले के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों को भी दीपों से सजाया जाएगा। रतनपुर में 11 हजार, बेलपान में 1100, ताला में 1100 और मल्हार में 11 हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

44 ग्राम पंचायतों में हर घर जलेगा दीया

कार्यक्रम के तहत जिले के चारों विकासखंडों की चयनित 44 ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत घरों में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसके अलावा जिले के प्रत्येक गांव में 100 से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाने की व्यवस्था की गई है।

बिल्हा विकासखंड के बैमा, कोरबी, लिमतरी, भटगांव, परसदा भ., सरवनदेवरी, उच्चभट्ठी, धमनी, अकलतरी और देवकिरारी में हर घर दीप प्रज्वलित किया जाएगा।

कोटा विकासखंड के नवागांव सल्का, अमाली, नगोई, खोंगसरा, बेलगहना, बानाबेल, पटैता, खैरझिट्टी, खरगहनी, मोहदा, बरद्वार और अमने में भी प्रत्येक घर में दीप जलेंगे।

मस्तुरी विकासखंड के दर्रीघाट, सीपत, परसदावेद, बेलटुकरी, बिटकुला, खम्हरिया, गतौरा, पंधी, जोंधरा और गोपालपुर तथा तखतपुर विकासखंड के लोखंडी, बोड़सरा, बिनौरी, खपरी, घुटकू, अमसेना, खरकेना, कोड़ापुरी, विजयपुर, गनियारी, छतौना और खजुरीनवागांव में भी शत-प्रतिशत घरों में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

शासकीय भवनों और योजनाओं के हितग्राहियों के घर भी जगमगाएंगे

शाम 7 बजे जिले के सभी शासकीय भवनों, विद्यालयों, पंचायत भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों और ग्राम पंचायतों में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों के घरों में भी दीप जलाए जाएंगे।

महिला स्व-सहायता समूह और जलस्रोतों पर भी होगा दीप प्रज्वलन

महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियां विभिन्न स्थानों पर आयोजित दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में सहयोग करेंगी। वहीं जल जनसेवा संकल्प के तहत जिले के बांध, बैराज, एनीकेट और नहर शीर्षों पर भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

Advertisement
Share This Article