रिपोर्टर का नाम: अभिषेक कुमार पाण्डेय
पद: रिपोर्टर
स्थान: बिलासपुर, छत्तीसगढ़
बिलासपुर पुलिस ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, NCC-NSS, रेडक्रॉस और स्काउट एंड गाइड के सदस्यों ने लिया हिस्सा
बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बिलासपुर पुलिस द्वारा 11 अगस्त को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ पुलिस ग्राउंड बिलासपुर से हुआ। यात्रा में पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के साथ NCC, NSS, रेडक्रॉस तथा स्काउट एंड गाइड के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

पुलिस बैंड की धुनों से गूंजा शहर
तिरंगा यात्रा के दौरान पुलिस बैंड ने ‘सारे जहां से अच्छा’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘मेरी देश की धरती’ जैसे देशभक्ति गीतों की मधुर एवं जोशीली धुनें प्रस्तुत कीं। विशाल तिरंगे के साथ निकली यात्रा ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।

कलेक्टर और एसएसपी ने दिखाई हरी झंडी
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला दण्डाधिकारी श्री संजय अग्रवाल एवं विशिष्ट अतिथि उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री रामगोपाल करियारे, रक्षित निरीक्षक श्री भूपेन्द्र कुमार गुप्ता सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

भारत माता की जय और वंदे मातरम् के लगे जयघोष
यात्रा के दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष से वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत रहा। हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशप्रेम का संदेश दिया।

युवाओं की सहभागिता ने बढ़ाई कार्यक्रम की गरिमा
बिलासपुर पुलिस की यह तिरंगा यात्रा नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यबोध और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना मजबूत करने की दिशा में सार्थक पहल रही। पुलिस जवानों और अधिकारियों के साथ विभिन्न संस्थाओं के युवाओं की सहभागिता ने आयोजन को और प्रभावशाली बनाया।
पुलिस ने नागरिकों से की अपील
बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को मजबूत करने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प लेने का आह्वान किया।




