बिलासपुर : खेत में धान रोपाई के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से किसान की मौत, लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित

Advertisement
Advertisement

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे से जारी रुक-रुककर बारिश के बीच बिलासपुर जिले के कोनी थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। धान की रोपाई कर रहे एक किसान की आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

धान रोपाई के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, ग्राम निरतू निवासी धरमदास यादव (65 वर्ष) रविवार सुबह करीब 9 बजे अरपा नदी किनारे स्थित अपने खेत में धान की रोपाई करने पहुंचे थे। दोपहर करीब 2:30 बजे अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई।

बारिश से बचने के लिए किसान खेत के पास छांव की ओर जा रहे थे, तभी तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों को दी गई सूचना, पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी आसपास मौजूद लोगों ने परिजनों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

लगातार बारिश से शहर में जलभराव की स्थिति

बिलासपुर में रविवार दोपहर से देर रात तक लगातार रुक-रुककर बारिश होती रही। इसके चलते शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ और लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग का अलर्ट, आज भी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को भी बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने तथा कुछ स्थानों पर वज्रपात की संभावना बनी हुई है। अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेतों और पेड़ों के नीचे न जाएं तथा गरज-चमक के समय सुरक्षित स्थान पर रहें।

Advertisement
Share This Article