बीजापुर। छत्तीसगढ़ शासन के वन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप और बस्तर सांसद महेश कश्यप ने बीजापुर जिला मुख्यालय में 18 करोड़ 64 लाख रुपये की लागत से 21 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। यह कार्यक्रम जिला चिकित्सालय परिसर में आयोजित आमसभा के दौरान संपन्न हुआ।
21 विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण और भूमिपूजन
कार्यक्रम के दौरान दाल भात केंद्र, स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास, पंचायत और लोक निर्माण विभाग से जुड़े कुल 21 विकास कार्यों का शुभारंभ और भूमिपूजन किया गया। इन परियोजनाओं से जिले में आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख
आमसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला गया। इस दौरान बताया गया कि बीजापुर जिले में आयुष्मान कार्ड योजना की शुरुआत भी पहले इसी क्षेत्र से की गई थी।
प्रभारी मंत्री ने दिए सख्त निर्देश
प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
सांसद ने गिनाई केंद्र की योजनाएं
बस्तर सांसद महेश कश्यप ने केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं और पिछले 12 वर्षों में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने नागरिकों से इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
प्रशासनिक एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में कलेक्टर विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव, सीएमएचओ डॉ. बी.आर. पुजारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि इन विकास कार्यों से बीजापुर जिले में बुनियादी सुविधाओं में सुधार होगा और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।


