शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और रोजगार से जुड़े मुद्दे उठाए, आदिवासी क्षेत्रों में विकास कार्यों में तेजी लाने की मांग
बीजापुर। जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा और पूर्व सांसद प्रतिनिधि श्रीनिवास रेड्डी ने प्रदेश के आदिम जाति एवं अनुसूचित जनजाति विकास मंत्री रामविचार नेताम से रायपुर में मुलाकात कर बीजापुर एवं बस्तर अंचल के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। दोनों जनप्रतिनिधियों ने आदिवासी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और लंबित विकास कार्यों में तेजी लाने की मांग रखी।
जनहित के विभिन्न मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा
बैठक के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, रोजगार सहित अन्य जनहित से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
सरकार आदिवासी क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध : मंत्री नेताम
आदिम जाति एवं अनुसूचित जनजाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने दोनों जनप्रतिनिधियों की बात गंभीरता से सुनते हुए कहा कि राज्य सरकार आदिवासी क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने उठाए गए सभी मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका पर हुई चर्चा
बैठक में श्रीनिवास रेड्डी द्वारा क्षेत्र की समस्याओं को लगातार शासन के समक्ष उठाने और विकास कार्यों को गति देने के प्रयासों का उल्लेख किया गया। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा की ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों के विकास, महिला सशक्तिकरण और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका की भी सराहना की गई।




