बेमेतरा: गेहूं की फसल में आग, किसान परिवार की मेहनत राख, बेटी की शादी पर संकट

By
Advertisement
Advertisement

बेमेतरा। जिले के गांगपुर गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक किसान परिवार की वर्षों की मेहनत आग की भेंट चढ़ गई। एक किसान मां ने अपनी बेटी की शादी के लिए जिस गेहूं की फसल को उम्मीदों के साथ तैयार किया था, वह अचानक लगी आग में पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को खेतों में अचानक भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते करीब 6 एकड़ में फैली गेहूं की फसल को अपनी चपेट में ले लिया। आग की तेज लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के किसान और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

इस घटना में तीन किसान प्रभावित हुए हैं, जिनमें सबसे अधिक नुकसान पुनिया बाई ध्रुव को हुआ है, जिनकी लगभग 3 एकड़ की पूरी फसल नष्ट हो गई। पीड़ित किसान पुनिया बाई ने बताया कि परिवार की पूरी आजीविका खेती पर निर्भर है और इसी फसल से बेटी की शादी की तैयारी की जा रही थी, जो अगले महीने होनी है।

किसान परिवार का कहना है कि उन्होंने कर्ज और मेहनत से फसल तैयार की थी, लेकिन आग ने सब कुछ खत्म कर दिया। आग इतनी तेजी से फैली कि उसे बुझाने का मौका भी नहीं मिला। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। फायर ब्रिगेड की टीम भी देर से मौके पर पहुंची।

पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मुआवजे और आर्थिक सहायता की मांग की है, ताकि इस मुश्किल समय में उन्हें कुछ राहत मिल सके। फिलहाल किसान परिवार गहरे आर्थिक संकट में है और बेटी की शादी को लेकर अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है।

Advertisement
Share This Article