शासकीय बालक स्कूल में शराब सेवन की सूचना पर पहुंची पुलिस, मौके से शराब और अन्य सामग्री बरामद
सक्ती/बाराद्वार। विद्यालय जैसे शैक्षणिक परिसर को नशे से मुक्त और सुरक्षित रखने के उद्देश्य से बाराद्वार पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने वार्ड क्रमांक 1 स्थित शासकीय बालक स्कूल परिसर में शराब का सेवन कर रहे दो लोगों को पकड़ा है। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि वार्ड क्रमांक 1 के शासकीय बालक स्कूल परिसर में कुछ लोग बैठकर शराब पी रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर जांच शुरू की।
शराब सेवन करते मिले दो आरोपी
पुलिस टीम ने मौके पर रेडा निवासी मनीष कुमार साहू पिता पुरुषोत्तम साहू और अभिषेक कुमार राठौर पिता मिंटू लाल राठौर को शराब का सेवन करते हुए पकड़ा। पुलिस ने दोनों के कब्जे से करीब 100-120 मिलीलीटर देशी शराब के साथ शराब की बोतल, गिलास एवं अन्य सामग्री बरामद किए जाने की जानकारी दी है।
आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 36(च) आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि विद्यालय, सार्वजनिक स्थल और अन्य संवेदनशील स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में अभियान
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस शक्ति डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र यादव के नेतृत्व में बाराद्वार पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
कार्रवाई में निरीक्षक नरेंद्र यादव, प्रधान आरक्षक मनीष राजपूत, आरक्षक योगेश राठौर, आरक्षक तकेश्वर कटकवार और सैनिक राजेश कंवर का सराहनीय योगदान रहा।




