अंबिकापुर/सरगुजा। रेत से भरे वाहन को अभिरक्षा में ले जाने के दौरान नगर सैनिक के साथ मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में गांधीनगर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
रेत वाहन ले जाते समय हुआ विवाद
प्रार्थी तारकेश्वर वर्मा, जो रायपुर खनिज शाखा में नगर सैनिक के पद पर कार्यरत हैं, ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 जून 2026 को केंद्रीय उड़नदस्ता टीम के साथ रेत से भरे वाहन की जांच के दौरान वाहन को कलेक्ट्रेट परिसर अंबिकापुर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान वाहन चालक सोनू टोप्पो ने वाहन मालिक लड्डन खान का नाम लेकर धमकी दी।
इसके बाद गांधी चौक सिग्नल के पास लड्डन खान मौके पर पहुंचा और साथियों के साथ मिलकर गाली-गलौज, मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई। आरोप है कि इस दौरान प्रार्थी की वर्दी फाड़ने की कोशिश भी की गई और आरोपी वाहन लेकर फरार हो गए।
24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार, बाद में मुख्य आरोपी भी दबोचा गया
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले सोनू टोप्पो और धनसिंह टोप्पो को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद लगातार तलाश अभियान चलाकर मुख्य आरोपी लड्डन खान और दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया।
पूछताछ में सभी ने घटना में संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने लड्डन खान के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली है।
मामला दर्ज, न्यायालय में पेशी
थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 386/26 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी लड्डन खान को न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस की सख्त चेतावनी
अधिकारियों ने कहा है कि रेत तस्करी और सरकारी कार्य में बाधा डालने जैसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


