हिमाचल में अर्धसैनिक कल्याण बोर्ड के गठन का एसोसिएशन ने किया स्वागत

Advertisement
Advertisement

पूर्व एडीजी एचआर सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने संसद में राहुल गांधी से की थी मुलाकात, एसोसिएशन ने इसे मांग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया

नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा अर्धसैनिक कल्याण बोर्ड के गठन को लेकर जारी अधिसूचना का अलॉइंस ऑफ ऑल एक्स पैरामिलिट्री फोर्सेस वेलफेयर एसोसिएशन ने स्वागत किया है। एसोसिएशन के महासचिव रणबीर सिंह ने दावा किया कि संगठन के प्रतिनिधिमंडल की नई संसद भवन में राहुल गांधी के साथ हुई मुलाकात के बाद इस दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।

15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने रखी थी मांग

एसोसिएशन के अनुसार, पूर्व एडीजी एचआर सिंह के नेतृत्व में 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने संसद भवन में राहुल गांधी से मुलाकात कर पूर्व अर्धसैनिक बलों के जवानों और उनके परिवारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की थी।

प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस शासित राज्यों तेलंगाना, कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में अर्धसैनिक कल्याण बोर्ड गठित करने की मांग रखी थी। एसोसिएशन का कहना है कि इन बोर्डों के माध्यम से पैरामिलिट्री जवानों एवं उनके परिवारों को पेंशन, पुनर्वास और अन्य कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है।

10 सितंबर को अधिसूचना जारी होने का दावा

प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने अर्धसैनिक कल्याण बोर्ड के गठन को लेकर 10 सितंबर को अधिसूचना जारी की। संगठन ने इसे अपनी लंबे समय से चली आ रही मांग की दिशा में अहम कदम बताया है।

कर्नाटक और तेलंगाना को लेकर भी उम्मीद

पूर्व एडीजी एचआर सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान इस मुद्दे पर सकारात्मक प्रयास का भरोसा दिलाया था। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में कर्नाटक और तेलंगाना में भी अर्धसैनिक कल्याण बोर्ड के गठन को लेकर जानकारी सामने आ सकती है।

पेंशन और पदोन्नति जैसे मुद्दे उठाने का आश्वासन

एसोसिएशन के महासचिव रणबीर सिंह ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई चर्चा में अर्धसैनिक बलों के जवानों की पेंशन, समयबद्ध पदोन्नति और अन्य कल्याणकारी विषयों पर भी बातचीत हुई थी। प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, प्रतिनिधिमंडल को इन मुद्दों को संसद के विभिन्न सत्रों के दौरान उठाने का आश्वासन दिया गया था।

18 राज्यों की वेलफेयर एसोसिएशन जुड़ी होने का दावा

एसोसिएशन ने बताया कि अलॉइंस ऑफ ऑल एक्स पैरामिलिट्री फोर्सेस वेलफेयर एसोसिएशन से देश के 18 राज्यों की वेलफेयर एसोसिएशन जुड़ी हुई हैं। संगठन ने हिमाचल प्रदेश में अर्धसैनिक कल्याण बोर्ड के गठन को पूर्व अर्धसैनिक कर्मियों और उनके परिवारों के हित में महत्वपूर्ण पहल बताया।

पूर्व एडीजी एचआर सिंह ने बोर्ड के गठन को लेकर राहुल गांधी के प्रति आभार जताया। वहीं, महासचिव रणबीर सिंह ने इसे संगठन की ओर से दिवाली के अवसर पर मिले उपहार के रूप में बताया।

Advertisement
Share This Article