सुंदरगढ़ (ओडिशा): ओडिशा विजिलेंस की टीम ने सुंदरगढ़ जिले के बड़गांव पुलिस थाने में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक (ASI) अरूपा नंदा दास को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

जानकारी के मुताबिक एएसआई अरूपा नंदा दास ने एक सड़क किनारे ढाबा संचालक से उसके व्यवसाय को बिना बाधा चलाने और एक मामले में मदद करने के बदले 25,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। आरोपी पुलिसकर्मी ने ढाबा मालिक को धमकी भी दी थी कि यदि रिश्वत नहीं दी गई तो उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इससे परेशान होकर ढाबा संचालक ने मामले की शिकायत ओडिशा विजिलेंस से की। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और एएसआई को ढाबा मालिक से 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय रंगे हाथों पकड़ लिया। रिश्वत की पूरी रकम आरोपी के पास से बरामद कर जब्त कर ली गई।

चार ठिकानों पर छापेमारी
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस अधिकारियों ने आरोपी एएसआई से जुड़े चार ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान करीब 3.31 लाख रुपये से अधिक नकदी बरामद कर जब्त की गई। इसके अलावा वियतनाम और नेपाल की विदेशी मुद्रा भी बरामद हुई है।
विजिलेंस विभाग ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई के लिए अदालत में पेश किया गया। मामले में आय से अधिक संपत्ति की भी जांच जारी है।

