क्रमिक रैंकिंग में प्रदेश में रहे प्रथम, यात्री-मालकर अधिकारी आनंद राय कुरील ने मासिक रैंकिंग में सातवां स्थान किया प्राप्त
उरई (जालौन)। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए चलाए जा रहे प्रवर्तन अभियान में जालौन परिवहन विभाग ने प्रदेश स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में विभाग द्वारा अवैध और अनियमित रूप से संचालित वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
निर्धारित लक्ष्य से अधिक राजस्व वसूली
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के अक्टूबर माह में निर्धारित 36 लाख रुपये के लक्ष्य के मुकाबले 47.45 लाख रुपये की वसूली की। यह निर्धारित लक्ष्य का 131.81 प्रतिशत है।
वहीं, 1 अप्रैल से 31 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित 252 लाख रुपये के क्रमिक लक्ष्य के सापेक्ष 330.86 लाख रुपये की वसूली की गई, जो लक्ष्य का 131.30 प्रतिशत है।
मासिक रैंकिंग में दूसरा और क्रमिक रैंकिंग में पहला स्थान
मुख्यालय स्तर से जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, एआरटीओ (प्रवर्तन) राजेश कुमार ने अक्टूबर माह की मासिक रैंकिंग में पूरे प्रदेश में दूसरा तथा क्रमिक रैंकिंग में पहला स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि में प्रवर्तन स्टाफ के अमित द्विवेदी, मनोज कुमार, राजेश कुमार, सत्प्रकाश, पीआरडी जवानों और प्रवर्तन चालक अजय प्रताप सिंह का विशेष योगदान रहा।
आनंद राय कुरील भी प्रदेश की रैंकिंग में आगे
इसी क्रम में यात्री/मालकर अधिकारी आनंद राय कुरील ने भी बेहतर प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रदेश की क्रमिक रैंकिंग में चौथा और मासिक रैंकिंग में सातवां स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि में प्रवर्तन स्टाफ सत्येंद्र कुमार, आदित्य कुमार एवं सोमकांत द्विवेदी का विशेष सहयोग रहा।
आगे भी जारी रहेगा प्रवर्तन अभियान
परिवहन विभाग की इस उपलब्धि को अधिकारियों और कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों तथा सड़क सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम बताया गया है। एआरटीओ प्रवर्तन राजेश कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने और अवैध रूप से संचालित वाहनों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
