हैदराबाद: टेक दिग्गज Amazon को लेकर कुछ रिपोर्ट्स सामने आ रही हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि Amazon अपने एक नए स्मार्टफोन को डेवलप कर रहा है. बता दें कि Amazon ने करीब एक दशक पहले अपने Fire Phone को बंद कर दिया था. कंपनी की यह योजना एक ऐसा AI-आधारित डिवाइस लाने की है, जो Alexa और उसकी सेवाओं के व्यापक इकोसिस्टम से जुड़ा होगा.
रॉयटर्स की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि, Amazon के इस प्रोजेक्ट से जुड़े चार लोगों ने बताया कि टेक दिग्गज के नए स्मार्टफोन का नाम ‘Transformer’ रखा गया है, जिसे कंपनी की ‘डिवाइस और सर्विस’ यूनिट के भीतर विकसित किया जा रहा है.
इस रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि यह नया फ़ोन एक ऐसा ‘मोबाइल पर्सनलाइज़ेशन डिवाइस’ हो सकता है, जो वॉइस असिस्टेंट प्लेटफ़ॉर्म Alexa के साथ सिंक करने में सक्षम होगा. जानकारी के अनुसार फोन की अनुमानित कीमत के साथ-साथ इस प्रोजेक्ट में Amazon की वित्तीय प्रतिबद्धता और राजस्व अनुमानों के बारे में विवरण तत्काल स्पष्ट नहीं थे.
कंपनी के सूत्रों ने रॉयटर्स को बताया कि कंपनी के इस प्रोजेक्ट की समय-सीमा अभी फिलहाल साफ़ नहीं है, और यह भी हो सकता है कि इसे रद्द कर दिया जाए. इसके अलावा, Amazon के एक प्रवक्ता ने रॉयटर्स को इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया.
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने सिर्फ़ 14 महीनों के बाद ही उस स्मार्टफ़ोन की बिक्री बंद कर दी और कंपनी ने न बिके हुए स्टॉक के लिए 170 मिलियन डॉलर का नुकसान उठाया. काउंटरपॉइंट रिसर्च की एक रिपोर्ट के अनुसार, पिछले साल दुनिया भर में हुई स्मार्टफ़ोन की कुल बिक्री में Apple और Samsung की हिस्सेदारी लगभग 40 प्रतिशत की थी, अब Amazon अपने कथित नए स्मार्टफोन के साथ इस बाज़ार में फिर से कदम रखने जा रहा है.
रॉयटर्स की एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार, इस नए स्मार्टफोन में पर्सनलाइज़ेशन फ़ीचर्स भी दिए जाएंगे, जिनकी मदद से यूज़र्स Amazon.com, Prime Video और Grubhub जैसे फ़ूड डिलीवरी ऐप्स को आसानी से एक्सेस किया जा सकेगा. इस प्रोजेक्ट का मुख्य फ़ोकस डिवाइस में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को इंटीग्रेट करने पर है, जिससे पारंपरिक ऐप स्टोर्स की ज़रूरत खत्म हो सकती है.