‘खाकी’ पर 2 लाख की घूस का आरोप, छेड़छाड़ के आरोपी को थाने से छोड़ने का दावा; चाकू लहराकर धमकी देने की शिकायत IG तक पहुंची

Advertisement
Advertisement

अभिषेक कुमार पाण्डेय
संवाददाता, बिलासपुर, छत्तीसगढ़

बिलासपुर। न्यायधानी में पुलिस की कार्यशैली को लेकर एक गंभीर शिकायत सामने आई है। एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसके साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास के मामले में आरोपी को पुलिस ने कार्रवाई के बजाय थाने से ही मुचलके पर छोड़ दिया। पीड़िता के परिवार ने संबंधित पुलिस अधिकारी पर 2 लाख रुपये रिश्वत लेने का गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

घर में घुसकर छेड़छाड़ का आरोप

शिकायत के मुताबिक लिंक रोड स्थित नटराज होटल के सामने रहने वाला पंकज रेड्डी महिला के परिचित के घर में उस समय पहुंचा, जब उसका पति शादी में शामिल होने शहर से बाहर गया था। आरोप है कि घर में अकेली महिला को देखकर आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास किया।

परिजनों के मुताबिक वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मामले में एफआईआर दर्ज की गई, लेकिन आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई को लेकर परिवार ने सवाल उठाए हैं।

‘दो लाख देकर जमानत लेने’ की धमकी का आरोप

पीड़ित परिवार का आरोप है कि मामले में आरोपी को थाने से मुचलके पर छोड़ दिया गया। इसके बाद आरोपी कथित तौर पर पीड़िता के देवर की दुकान पर अपने साथियों के साथ पहुंचा और चाकू लहराकर धमकी दी।

परिवार का दावा है कि आरोपी ने यह भी कहा कि उसने सिविल लाइन थाना प्रभारी को दो लाख रुपये देकर जमानत ले ली है, इसलिए उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। शिकायत वापस नहीं लेने पर परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

रिश्वत के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग

पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्रवाई और कथित रिश्वत के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिवार का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पुलिसकर्मियों और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

सुरक्षा और न्याय के लिए IG से गुहार

मामले से परेशान पीड़िता ने अब बिलासपुर रेंज IG से शिकायत कर सुरक्षा और न्याय की मांग की है। परिवार ने आरोपी से जान का खतरा बताते हुए तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग भी की है।

अब पूरे मामले में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की जांच और कार्रवाई पर नजर रहेगी। खास तौर पर 2 लाख रुपये रिश्वत लेने के आरोप, आरोपी को मुचलके पर छोड़े जाने और बाद में धमकी देने की शिकायत की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Advertisement
Share This Article