अफीम की खेती के विरोध में कांग्रेस का घेराव प्रदर्शन, भाजपा सरकार पर साधा निशाना

3 Min Read

रायगढ़, 12 मार्च। प्रदेश में सूखा नशा (अफीम) की खेती को लेकर भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने गुरुवार को रायगढ़ में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी ने भाजपा कार्यालय घेराव का कार्यक्रम आयोजित किया।

कांग्रेस कार्यालय से निकली रैली

जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता तारेन्द्र डनसेना ने बताया कि प्रदेश में भाजपा सरकार के संरक्षण में जगह-जगह अफीम की खेती होने के मामले सामने आ रहे हैं। इसी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष नगेन्द्र नेगी और शहर अध्यक्ष शाखा यादव के नेतृत्व में भाजपा कार्यालय का घेराव करने का निर्णय लिया गया।

कांग्रेस कार्यालय से सैकड़ों कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए रैली के रूप में भाजपा कार्यालय की ओर निकले। इस दौरान “अफीम की खेती बंद करो”, “प्रदेश को नशे का कटोरा नहीं बनने देंगे” और “कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद” जैसे नारे लगाए गए।

पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रोका

भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के पास पुलिस प्रशासन ने बैरिकेड लगाकर रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच कुछ देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।

भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

घेराव प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष नगेन्द्र नेगी ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार के संरक्षण में अफीम की खेती हो रही है और इसके खुलासे लगातार सामने आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से भाजपा कार्यालय का घेराव करने जा रहे थे, लेकिन सरकार के इशारे पर पुलिस प्रशासन ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर आगे भी आंदोलन जारी रखेगी।

महंगाई के मुद्दे पर भी घेरा सरकार को

जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष शाखा यादव ने भी प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार के संरक्षण में सूखा नशा की खेती बढ़ रही है और महंगाई भी लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि हाल ही में गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने से आम लोगों को परेशानी हो रही है। आने वाले समय में कांग्रेस महंगाई के मुद्दे पर भी विरोध प्रदर्शन करेगी।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

इस प्रदर्शन में पूर्व विधायक, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और जिला कांग्रेस कमेटी के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं जिले के विभिन्न ब्लॉकों से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।


 

Share This Article