रायगढ़ में अवैध धान भंडारण पर प्रशासन का शिकंजा, 66.80 क्विंटल धान जब्त; कई जगह कार्रवाई

रायगढ़ जिले में अवैध धान की खरीदी-बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में अलग-अलग स्थानों पर जांच के दौरान कुल 66.80 क्विंटल धान अवैध रूप से भंडारित पाए जाने पर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

लैलूंगा में 14 क्विंटल धान जब्त

एसडीएम लैलूंगा की टीम ने ग्राम मुकड़ेगा में सुदूराम चौहान के पास रखे 34 कट्टा धान की जांच की। इस दौरान 14 क्विंटल धान अवैध रूप से भंडारित पाया गया, जिसे जब्त कर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

रायगढ़ शहर में मकान और किराना दुकानों की जांच

मंडी टीम ने रायगढ़ के काशीराम चौक स्थित विनोद जांगड़े के मकान की जांच की। यहां 70 कट्टा यानी 28 क्विंटल धान मिलने पर मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

वहीं, मंडी, राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने श्री अनिल किराना तथा सीता किराना (शरद अग्रवाल) के यहां जांच की। इस दौरान दोनों प्रतिष्ठानों से कुल 62 कट्टा यानी 24.80 क्विंटल धान अवैध रूप से भंडारित पाया गया। इस मामले में भी नियमानुसार कार्रवाई की गई।

20 अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर 24 घंटे निगरानी

अवैध धान की खरीदी-बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिले में 20 अंतरराज्यीय चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं। यहां तीन पालियों में 24 घंटे निगरानी की जा रही है। सीमावर्ती क्षेत्रों से आने वाले वाहनों और धान की जांच के लिए राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

सभी 10 तहसीलों में गठित किए गए उड़नदस्ता दल

जिला प्रशासन ने निगरानी के लिए जिला स्तरीय समिति गठित करने के साथ ही जिले की सभी 10 तहसीलों में उड़नदस्ता दल बनाए हैं। इन दलों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध धान की खरीदी, परिवहन और भंडारण पर नजर रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक निगरानी कर नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article